मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गृहग्राम में किया मतदान, बोले- जनता का विश्वास हमारी सरकार पर बढ़ा
बिगुल
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज अपने गृहग्राम बगिया के बूथ क्रमांक 45 में माता जसमनी देवी और परिवार के साथ त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के अंतिम चरण में मतदान किया। उन्होंने जनता से भी लोकतांत्रिक प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। सीएम साय सुबह 11:35 बजे हेलीकॉप्टर से बगिया हेलीपैड पहुंचे। उनके साथ उनकी धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय और बेटी भी मौजूद थीं।
मतदान के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि प्रदेश में सभी चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से हो रहे हैं और जनता का भरोसा उनकी सरकार पर लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा, “महिलाओं का हमें लगातार आशीर्वाद मिल रहा है। लोकसभा, विधानसभा, नगरीय निकाय और अब त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में भी जनता ने भारतीय जनता पार्टी को भरपूर समर्थन दिया है।”
मतदान के बाद मुख्यमंत्री साय अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सोगड़ा आश्रम के लिए रवाना हुए, जहां उन्होंने दर्शन-पूजन किया। इसके बाद वे जशपुर के रणजीता स्टेडियम में स्व. दिलीप सिंह जूदेव मेमोरियल ऑल इंडिया फुटबॉल टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला देखने पहुंचे। यहां से वे हेलीकॉप्टर से रायपुर के लिए रवाना होंगे। प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के अंतिम चरण का मतदान शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो रहा है, जिसमें मतदाता बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं।



