कोंडागांव की योगिता मंडावी को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने किया सम्मानित, विज्ञान भवन में सौंपा प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार

बिगुल
वीर बाल दिवस के अवसर पर शुक्रवार को 18 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से चयनित 20 बच्चों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित किया गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने नई दिल्ली के विज्ञान भवन में 20 बच्चों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित किया। इन बच्चों में छत्तीसगढ़ की योगिता मंडावी, झारखंड की फुटबॉलर अनुष्का, क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी समेत कई और प्रतिभावान बच्चे शामिल है।
वहीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने खेल श्रेणी में छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित क्षेत्र माने जाने वाले कोंडागांव की 14 वर्षीय योगिता मंडावी प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित किया। योगिता को यह सम्मान जूडो में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मिला। योगिता ने बचपन में ही माता-पिता को खो दिया था, लेकिन उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर कई पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया।योगिता छत्तीसगढ़ राज्य बाल कल्याण परिषद द्वारा संचालित बालिका गृह कोंडागांव में रहती है।
पीएम मोदी ने की बच्चों से मुलाकात
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि, प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार बच्चों को साहस, खेल, कला-संस्कृति, नवाचार और समाजसेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए दिया गया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी मौजूद रहे और उन्होंने बाल पुरस्कार विजेताओं से मुलाकात कर उन्हें प्रोत्साहित किया।


