अरपा महोत्सव में शामिल हुए सीएम साय, 100 करोड़ रुपये की दी सौगात; 300 जोड़ों को दिया आशीर्वाद

बिगुल
जीपीएम जिले के छठवें स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित अरपा महोत्सव-2026 में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। मल्टीपर्पज स्कूल के मैदान में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने जिले को 100 करोड़ 38 लाख रुपये से अधिक की लागत के 113 विकास कार्यों की सौगात दी। इनमें 16 करोड़ 90 लाख रुपये के 7 कार्यों का लोकार्पण एवं 83 करोड़ 47 लाख रुपये के 106 कार्यों का भूमिपूजन शामिल है, जिससे जिले के समन्वित विकास को नई गति मिलेगी।
मुख्य मंच से उन्होंने छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। छत्तीसगढ़ी राजगीत के साथ आयोजन का वातावरण उत्साहपूर्ण रहा। मुख्यमंत्री ने महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत सामूहिक विवाह कार्यक्रम में शामिल होकर 300 जोड़ों को आशीर्वाद प्रदान किया। उन्होंने कहा कि यह योजना बेटियों के सम्मान, सुरक्षा और सशक्त भविष्य की दिशा में राज्य सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है। मुख्यमंत्री ने बताया कि इसी दिन पूरे प्रदेश में 6,414 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ है, जिसे गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में स्थान मिला है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 19 विभागों द्वारा लगाए गए 25 स्टॉलों का अवलोकन किया और अधिकारियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री साय ने नगर पंचायत मरवाही में उच्च विश्राम गृह निर्माण, समुदलई पर्यटन क्षेत्र में स्टॉप डैम, मुख्यमंत्री बस सेवा योजना में जीपीएम जिले को शामिल करने तथा जिला मुख्यालय में भव्य ऑडिटोरियम निर्माण की घोषणा की। उन्होंने पेंड्रारोड से अमरकंटक तक 19 किलोमीटर लंबी सड़क निर्माण एवं केवची मार्ग के निर्माण को पर्यटन विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम में जिले की पर्यटन संभावनाओं एवं दो वर्षों की विकास यात्रा पर आधारित वीडियो फिल्मों का प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को 7 लाख 36 हजार रुपये के चेक एवं सामग्री का वितरण किया गया। स्वामित्व योजना के तहत किसानों को पट्टे प्रदान किए गए। अंत में मुख्यमंत्री को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।



