ब्रेकिंग : मल्टीलेवल पार्किंग में चोरी का खेल, गाड़ियों से पेट्रोल और स्पेयर पार्ट्स उड़ाए, सीसीटीवी में कैद वारदात

बिगुल
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर की मल्टीलेवल पार्किंग में खड़ी गाड़ियां इन दिनों चोरों के निशाने पर हैं। रविवार देर रात अज्ञात युवकों ने पार्किंग में खड़ी दोपहिया गाड़ियों से पेट्रोल निकालने के साथ उनके कीमती स्पेयर पार्ट्स भी चोरी कर लिए। पूरी वारदात पार्किंग में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
सामने आए सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि देर रात कुछ युवक बाइक और स्कूटी से पार्किंग के अंदर प्रवेश करते हैं। इसके बाद वे पार्किंग के ऐसे हिस्सों में पहुंचते हैं जहां रोशनी कम रहती है, वीडियो में युवक बड़ी चालाकी से दोपहिया वाहनों की पेट्रोल पाइप निकालकर बोतलों में पेट्रोल भरते नजर आ रहे हैं। कुछ ही मिनटों में वे गाड़ियों की टंकी खाली कर देते हैं और वहां से निकल जाते हैं।
पेट्रोल के साथ स्पेयर पार्ट्स भी चोरी
वाहन मालिकों के मुताबिक चोर सिर्फ पेट्रोल ही नहीं चुरा रहे, बल्कि गाड़ियों के साइड मिरर, क्लच लीवर और अन्य छोटे लेकिन महंगे स्पेयर पार्ट्स भी निकाल ले जा रहे हैं। सुबह जब लोग काम पर जाने के लिए वाहन लेने पार्किंग पहुंचते हैं तो गाड़ी स्टार्ट नहीं होती। जांच करने पर पता चलता है कि टंकी से पेट्रोल गायब है और कई पार्ट्स भी चोरी हो चुके हैं।
पार्किंग प्रबंधन पर उठे सवाल
राजधानी के वीआईपी इलाके में स्थित इस मल्टीलेवल पार्किंग में सुरक्षाकर्मियों की मौजूदगी के बावजूद चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं। देर रात अज्ञात युवकों का आसानी से पार्किंग में प्रवेश कर जाना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है।
पार्किंग संचालक और वाहन मालिकों ने इस मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध युवकों की पहचान शुरू कर दी है। फिलहाल यह मामला रायपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।



