Blog

दुर्ग पुलिस का साइबर ठगी पर बड़ा प्रहार, 1149 म्यूल अकाउंट चिन्हित, 175 लोगों पर होगी कार्रवाई

बिगुल
दुर्ग में साइबर अपराध पर लगाम लगाने के लिए पुलिस ने बड़ा अभियान चलाते हुए जिले में संचालित म्यूल अकाउंट (किराए के बैंक खाते) के नेटवर्क का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने अब तक 1149 से अधिक संदिग्ध बैंक खातों की पहचान की है, जिनका इस्तेमाल करोड़ों रुपये की साइबर ठगी की रकम के लेन-देन के लिए किया जा रहा था. इस मामले में 39 एफआईआर दर्ज की गई हैं और 175 लोगों पर कार्रवाई की जा चुकी है.

लालच देकर किराए पर लिए जा रहे थे बैंक खाते
पुलिस जांच में सामने आया है कि साइबर ठग गरीब और आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को लालच देकर उनके बैंक खाते किराए पर ले रहे थे. खाताधारकों को कमीशन देने का झांसा देकर उनके सेविंग, करंट और बिजनेस अकाउंट का उपयोग ऑनलाइन ठगी, सट्टा और अन्य अवैध लेन-देन के लिए किया जा रहा था. जांच में यह भी सामने आया है कि इन खातों का इस्तेमाल संगठित साइबर अपराध के लिए किया जा रहा था.

अलग-अलग मामलों में सामने आया बड़ा नेटवर्क
जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में दर्ज मामलों ने इस नेटवर्क की व्यापकता को उजागर किया है. मोहन नगर के एक प्रकरण में 111 बैंक खातों के जरिए बड़े पैमाने पर ऑनलाइन ठगी की गई, जबकि एक अन्य मामले में 22 खातों के माध्यम से 10 लाख रुपये से अधिक की धोखाधड़ी सामने आई. वहीं, सुपेला क्षेत्र में 105 बैंक खातों के जरिए एक करोड़ रुपये से अधिक का ट्रांजैक्शन किए जाने का खुलासा हुआ है.

समन्वय पोर्टल की मदद से लगातार कार्रवाई
दुर्ग के एसएसपी विजय अग्रवाल ने बताया कि समन्वय पोर्टल से प्राप्त जानकारी के आधार पर लगातार म्यूल अकाउंट धारकों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है. उन्होंने कहा कि म्यूल अकाउंट पर प्रभावी नियंत्रण से ऑनलाइन गेमिंग, सट्टा और साइबर फ्रॉड जैसे मामलों में कमी लाने में मदद मिलेगी. पुलिस पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ते हुए इसके मास्टरमाइंड तक पहुंचने के लिए जांच तेज कर रही है.

लोगों से की गई सावधानी बरतने की अपील
एसएसपी विजय अग्रवाल ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी परिस्थिति में अपना बैंक खाता किसी अन्य व्यक्ति को उपयोग के लिए न दें. उन्होंने कहा कि लालच या कमीशन के चक्कर में अपना बैंक खाता उपलब्ध कराना गंभीर कानूनी अपराध है और ऐसा करने पर खाताधारक भी कानूनी कार्रवाई के दायरे में आ सकते हैं. पुलिस ने नागरिकों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की है.

The Bigul

हमारा आग्रह : एक निष्पक्ष, स्वतंत्र, साहसी और सवाल पूछती पत्रकारिता के लिए हम आपके सहयोग के हकदार हैं. कृपया हमारी आर्थिक मदद करें. आपका सहयोग 'द बिगुल' के लिए संजीवनी साबित होगा.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button