पूजा-पाठ और शेयर ट्रेडिंग के नाम पर 85 लाख की ठगी, भिलाई का आरोपी को इंदौर से गिरफ्तार

बिगुल
दुर्ग में पूजा-पाठ, शेयर ट्रेडिंग में निवेश और पारिवारिक समस्याओं का समाधान कराने का झांसा देकर एक महिला से करीब 85 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है. वहीं आरोपित पवन बधोरिया को भिलाई नगर पुलिस ने इंदौर से गिरफ्तार किया है.
आरोपित ने रकम वापस मांगने पर महिला को जान से मारने की धमकी भी दी और अवैध वसूली करता रहा. पुलिस ने आरोपित को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है. उसके बैंक खातों और वित्तीय लेनदेन की जांच जारी है.
पूजा-पाठ और शेयर ट्रेडिंग के नाम पर 85 लाख की ठगी
एएसपी सुखनंदन राठौर ने बताया कि पीड़ित महिला ने शिकायत में बताया कि वर्ष 2023 में रायपुर में आयोजित एक पारिवारिक कार्यक्रम के दौरान उसकी मुलाकात पवन बधोरिया से हुई थी. बातचीत के दौरान महिला ने अपनी पारिवारिक परेशानियों का जिक्र किया, जिस पर आरोपी ने पूजा-पाठ कर सभी समस्याओं का समाधान कराने का भरोसा दिलाया.
इसके बाद उसने पूजा-पाठ, निजी जरूरतों और शेयर ट्रेडिंग में निवेश के नाम पर अलग-अलग किस्तों में करीब 85 लाख रुपए ले लिए. करीब दो वर्ष बीत जाने के बाद भी महिला को न तो कोई लाभ मिला और न ही उसकी राशि वापस की गई. जब पीड़िता ने पैसे लौटाने की मांग की तो आरोपी ने पहले नौकरी लगवाने का झांसा दिया और बाद में जान से मारने की धमकी देकर रकम लौटाने से इंकार कर दिया.
आरोपी को इंदौर से गिरफ्तार
जांच के दौरान डराकर अवैध वसूली करने के तथ्य सामने आने पर मामले में बीएनएस की धारा 308(3) भी जोड़ी गई. पीड़िता की शिकायत पर भिलाई नगर थाना में धारा 318(4), 351(3) और 308(3) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर विशेष टीम गठित की गई. पुलिस टीम ने इंदौर पहुंचकर आरोपी पवन बधोरिया को गिरफ्तार किया. पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार कर लिया. उसके कब्जे से बैंक खाते से लिंक मोबाइल फोन और आधार कार्ड जब्त किए गए हैं. आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है.



