आईसी मार्ट संचालक पर एफआईआर दर्ज, आरोपी फरार, कोरिया में नाबालिग द्वारा सुसाइड का मामला

बिगुल
छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में एक कांस्टेबल की 17 वर्षीय बेटी ने आत्महत्या कर ली. इस मामले में आईसी मार्ट संचालक पर FIR दर्ज की गई है.
छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में एक कांस्टेबल की 17 वर्षीय बेटी ने आत्महत्या कर ली. आरोप है कि आईसी मार्ट के संचालक ने छात्रा पर चोरी का आरोप लगाकर उसे अपमानित किया, उसकी स्कूटी रोक ली और 20 हजार रुपये की मांग की. घटना के बाद बुधवार को छात्रा ने अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी. इस मामले में आईसी मार्ट संचालक समेत 3 पर FIR दर्ज की गई है.
चोरी के आरोप से आहत नाबालिग ने की आत्महत्या
दरअसल, बैकुंठपुर स्थित आईसी मार्ट में मंगलवार को 17 वर्षीय नाबालिग छात्रा ग्राहक बनकर पहुंची थी. आरोप है कि दुकान संचालक ने उस पर सामान चोरी का आरोप लगाया, सार्वजनिक रूप से प्रताड़ित किया, उसकी स्कूटी अपने पास रख ली और 20 हजार रुपये की मांग की. परिजनों का कहना है कि इसी मानसिक दबाव और अपमान से आहत होकर छात्रा ने बुधवार दोपहर अपने घर में फांसी लगा ली.
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, दुकान को सील किया गया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. लेकिन पुलिस कार्रवाई से असंतुष्ट परिजन और स्थानीय लोग गुरुवार सुबह बड़ी संख्या में सिटी कोतवाली पहुंच गए.
लोगों ने किया प्रदर्शन
जहां पुलिस कार्रवाई से असंतोष जताते हुए प्रदर्शन किया. समझाइश के बावजूद प्रदर्शनकारी नहीं माने और बाद में आईसी मार्ट के सामने सड़क जाम कर आरोपी की गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग पर धरने पर बैठ गए. वहीं पीड़िता की मां भी आईसीयू में एडमिट है बताया जा रहा है की बेटी के मौत से सदमे में उनकी भी तबीयत खराब है.
तीन लोगों पर FIR दर्ज
पुलिस ने बताया कि आईसी मार्ट के मालिकों दीपक वैद्य, विनोद वैद्य और जगत वैद्य के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है. उन्होंने बताया कि सुपरमार्केट को सील कर दिया गया है, जबकि साइबर फोरेंसिक टीम ने सीसीटीवी फुटेज और परिसर से मिले अन्य सबूतों की जांच की है.



