Blog

स्कूल समय में नशे में मिले प्रधान पाठक पर गिरी गाज, कलेक्टर की जांच के बाद तत्काल निलंबित

बिगुल

जिले के विकासखंड बैकुण्ठपुर स्थित शासकीय प्राथमिक शाला रजवारीपारा में पदस्थ प्रधान पाठक राम कुमार राजवाड़े को स्कूल समय में कथित रूप से शराब के नशे में पाए जाने के मामले में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई कलेक्टर के निरीक्षण के दौरान शिकायत प्रथम दृष्टया सही पाए जाने के बाद की गई।

निरीक्षण में सामने आईं गंभीर अनियमितताएं
जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार, विकासखंड शिक्षा अधिकारी बैकुण्ठपुर, संकुल प्राचार्य एवं शैक्षिक समन्वयक द्वारा विद्यालय का निरीक्षण किया गया। इस दौरान विद्यालय परिसर और शैक्षणिक व्यवस्थाओं में गंभीर अनियमितताएं पाए जाने का उल्लेख निरीक्षण प्रतिवेदन में किया गया है।

निरीक्षण के दौरान प्रधान पाठक राम कुमार राजवाड़े से बातचीत की गई। प्रतिवेदन में दर्ज किया गया है कि उनके मुंह से शराब की तेज गंध आ रही थी और उनकी बोली भी अस्पष्ट थी।

कलेक्टर के निरीक्षण में भी शिकायत प्रथम दृष्टया सही
आदेश में उल्लेखित जानकारी के मुताबिक, सात अगस्त को कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव द्वारा किए गए निरीक्षण के दौरान प्रधान पाठक के खिलाफ मिली शिकायत प्रथम दृष्टया सही पाई गई। मामले को शिक्षक के आचरण एवं पदीय दायित्वों के विपरीत मानते हुए विभाग ने अनुशासनात्मक कार्रवाई की।

सिविल सेवा नियमों के तहत लिया गया एक्शन
जिला शिक्षा अधिकारी ने छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 तथा छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1966 के तहत कार्रवाई करते हुए प्रधान पाठक राम कुमार राजवाड़े को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

बैकुण्ठपुर BEO कार्यालय बनाया गया मुख्यालय
निलंबन अवधि के दौरान राम कुमार राजवाड़े का मुख्यालय कार्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी, बैकुण्ठपुर निर्धारित किया गया है। निलंबन अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा।

The Bigul

हमारा आग्रह : एक निष्पक्ष, स्वतंत्र, साहसी और सवाल पूछती पत्रकारिता के लिए हम आपके सहयोग के हकदार हैं. कृपया हमारी आर्थिक मदद करें. आपका सहयोग 'द बिगुल' के लिए संजीवनी साबित होगा.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button