छत्तीसघाट

रेत से भरे ट्रैक्टर ने 6 साल के मासूम को कुचला, मौत के बाद भड़का ग्रामीणों का गुस्सा; वाहन में लगाई आग

बिगुल
धमतरी जिले के कुरूद क्षेत्र के नारी गांव में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए। रेत से भरे ट्रैक्टर की चपेट में आने से 6 वर्षीय मासूम फणीश सोनी की मौके पर ही मौत हो गई। बच्चे की मौत की खबर फैलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में लोग सड़क पर उतर आए।

जानकारी के मुताबिक, नारी गांव में रेत से भरा ट्रैक्टर गुजर रहा था। इसी दौरान ट्रैक्टर की चपेट में फणीश आ गया। हादसा इतना गंभीर था कि बच्चे ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया।

मासूम की मौत से गुस्साए ग्रामीणों ने रेत से लदे ट्रैक्टर में आग लगा दी। इतना ही नहीं, आक्रोशित लोगों ने ट्रैक्टर चालक के साथ मारपीट भी की। मारपीट में चालक को गंभीर चोटें आई हैं। उसकी हालत को देखते हुए उपचार की व्यवस्था की गई है।

ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में लंबे समय से रेत से भरे भारी वाहनों की आवाजाही हो रही है। कई वाहन तेज गति से गुजरते हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा लगातार बना रहता है। ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या को लेकर पहले भी नाराजगी जताई गई थी, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। मासूम की मौत के बाद लोगों का गुस्सा सड़क पर फूट पड़ा।

घटना की सूचना मिलते ही कुरूद थाना पुलिस मौके पर पहुंची। हालांकि, गुस्साए ग्रामीणों ने पुलिस को भी कुछ समय तक घटनास्थल पर रोक दिया। स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया।

फिलहाल पुलिस ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति सामान्य करने में जुटी है। करीब तीन घंटे से गांव में तनाव का माहौल बना हुआ बताया जा रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के साथ ही आगजनी व मारपीट की घटना को लेकर भी कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button