बस्तर के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में जलेंगे दीप, सेवा संकल्प अभियान को मिलेगा नया स्वरूप

बिगुल
बस्तर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ को मिलेगा विशेष स्वरूप मिल रहा है. अब शहीद परिवारों और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में भी दीप जलेंगे. उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने महानदी भवन से सभी जिलों के जिला पंचायत अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक की.
बैठक में आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम सहित पूरे अभियान की तैयारियों और इसके व्यापक संचालन को लेकर अधिकारियों से विस्तृत चर्चा की गई. बता दें कि 17 सितंबर को प्रदेशभर में लोग अपने-अपने स्थानों पर दीप जलाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की राष्ट्रसेवा के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करेंगे.
छत्तीसगढ़ में 36 लाख दीयों का कार्यक्रम
डिप्टी सीएम और गृहमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने से जुड़े कार्यक्रम होंगे. उन्होंने कहा कि इस दौरान बीते 25 वर्षों में हुए कामों पर भी चर्चा की जाएगी. 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत प्रदेश में 36 लाख दीये जलाए जाएंगे. इसके जरिए प्रधानमंत्री के लिए जनता के आशीर्वाद और उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की जाएगी.
संभागीय मुख्यालयों में होंगे बड़े आयोजन
विजय शर्मा के मुताबिक मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रायपुर में मौजूद रहेंगे, जहां बड़ी संख्या में दीये जलाए जाएंगे. इसके अलावा अंबिकापुर, दुर्ग, बिलासपुर और जगदलपुर समेत सभी संभागीय मुख्यालयों में भी ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. कार्यक्रम के जरिए प्रधानमंत्री के लिए जनता का आशीर्वाद भेजने का संदेश दिया जाएगा.
बस्तर में भी होगा विशेष कार्यक्रम
सेवा संकल्प अभियान के तहत बस्तर के लिए भी अलग कार्यक्रम रखा गया है. सरकार के मुताबिक नक्सलवाद से प्रभावित रहे बस्तर में उन स्थानों पर ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया जाएगा, जहां आदिवासियों की सामूहिक और गंभीर हिंसक घटनाओं में हत्या हुई थी. डिप्टी सीएम ने कहा कि इन कार्यक्रमों का उद्देश्य उन लोगों को याद करना और नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई से जुड़े विषयों पर चर्चा करना है.



