Blog

छेड़छाड़ का विरोध किया तो पेट्रोल डालकर युवती को जिंदा जलाया, अस्पताल में हुई मौत, आरोपी फरार

बिगुल
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के माना थाना क्षेत्र में छेड़छाड़ का विरोध करने पर एक युवक ने युवती पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। गंभीर रूप से झुलसी पीड़िता को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कल देर रात युवती की मौत हो गई। गौरतलब है कि युवती को बेहद नाजुक हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां डॉक्टरों ने उसे बचाने का हरसंभव प्रयास किया लेकिन आखिर में युवती ने दम तोड़ दिया।

शोर सुनकर पहुंचे लोग
बता दें कि आरोपी के साथ कहासुनी के बाद आरोपी ने उस पर पेट्रोल उड़ेलकर आग लगा दी थी। युवती जब अचानक आग की लपटों में घिर गई, तो उसने बचाव के लिए जोर-जोर से चिल्लाना शुरू किया। उसकी आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और किसी तरह आग बुझाई। इसके बाद झुलसी हुई युवती को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। आग की चपेट में आने से पीड़िता के शरीर के कई हिस्से गंभीर रूप से झुलस गए हैं। सूचना मिलने के बाद माना थाने की पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने मौके का जायजा लेकर स्थानीय लोगों से पूछताछ की और घटना से जुड़ी जानकारियां जुटाने का काम शुरू कर दिया।

पुलिस ने दर्ज किया केस
पुलिस जांच के दौरान आरोपी की पहचान वीरू धीवर के रूप में हुई है। आरोपी युवती के साथ छेड़छाड़ कर रहा था। जब युवती ने इस अभद्र आचरण का कड़ा विरोध किया, तो दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। इसी दौरान आरोपी ने कथित तौर पर युवती पर पेट्रोल उड़ेलकर आग लगा दी। पीड़िता के बयान और मौके पर सामने आए तथ्यों के आधार पर माना थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़ और हत्या के प्रयास की धाराओं में अपराध दर्ज कर लिया है।

सीसीटीवी कैमरों की पड़ताल
वारदात के बाद से ही आरोपी मौके से फरार है। आरोपी की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए पुलिस की टीमें उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है। पुलिस यह स्पष्ट करने का प्रयास कर रही है कि घटना के समय मौके पर कौन-कौन लोग उपस्थित थे और वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी किस दिशा में भागा था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button