कॉर्पोरेट

15 साल बाद बालको के प्रभावित परिवारों की मांगों पर बनी सहमति, चक्काजाम के बाद 6 बिंदुओं पर लिखित समझौता

बिगुल
कोरबा जिले में मंगलवार को बालको नगर के शांतिनगर और रिंग रोड क्षेत्र में बीते 15 वर्षों से लंबित रोजगार, पुनर्वास और मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर चल रहा गतिरोध आखिरकार समाप्त हो गया है। तीखी बहस और चक्काजाम के बाद अगले दिन बालको प्रबंधन और प्रभावित परिवारों के मध्य हुई विस्तृत चर्चा में 6 बिंदुओं पर सहमति बन गई, जिसके बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया।

दरअसल, बालको के कूलिंग टॉवर से प्रभावित शांतिनगर और रिंग रोड के निवासी लंबे समय से पुनर्वास, रोजगार और क्षेत्र के विकास की मांग कर रहे थे। मांग पूरी नहीं होने पर ग्रामीणों ने बालको के मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए बालको प्रबंधन और प्रशासन ने प्रभावितों के साथ बैठक की। कूलिंग टॉवर से प्रभावित 80 परिवारों के अतिरिक्त रिंग रोड व न्यू शांतिनगर निवासियों और बालको प्रबंधन के मध्य सहमति वार्ता हुई। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच लिखित सहमति पत्र पर हस्ताक्षर किए गए।

सहमति पत्र के अनुसार 6 प्रमुख बिंदुओं पर सहमति बनी है कूलिंग टॉवर से प्रभावित चिन्हित 80 परिवारों के अतिरिक्त अन्य छूटे हुए परिवारों के लिए माननीय उच्च न्यायालय छत्तीसगढ़ द्वारा दिए गए आदेशों का बालको प्रबंधन पालन करेगा।

रिंग रोड में राखड़ व कोल यार्ड और शांतिनगर में कूलिंग टॉवर से प्रभावित बचे हुए परिवारों को छत्तीसगढ़ भूमि अधिग्रहण पुनर्वास नीति के तहत अधिग्रहित किया जाएगा। इसके लिए प्रभावित क्षेत्र का 15 दिवस के भीतर सर्वे कर आगे की कार्यवाही प्रारंभ की जाएगी।प्रभावित शांतिनगर व रिंग रोड के युवाओं को योग्यता अनुसार रोजगार व ठेकेदारी में प्राथमिकता दी जाएगी।

रिंग रोड में सड़क चौड़ीकरण व प्रकाश व्यवस्था 60 दिवस के भीतर उपलब्ध कराई जाएगी।बालको जोन कार्यालय से रिस्टा चौक तक बैरिकेडिंग मार्ग या डामरीकरण और नाली का निर्माण 60 दिवस में कराया जाएगा।बालको प्लांट के निकट स्थित बस्ती शांतिनगर का सीएसआर मद के तहत प्रतिवर्ष समुचित विकास कार्य कराया जाएगा।

इस सहमति के बाद क्षेत्र के लोगों में हर्ष है। ग्रामीणों ने कहा कि 15 साल बाद उनकी सुनी गई है। अब उन्हें उम्मीद है कि प्रबंधन अपने वादे समय पर पूरे करेगा। इस आंदोलन के दौरान बालको थाना प्रभारी युवराज तिवारी अपने स्टाफ के साथ मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button