Blog

छत्तीसगढ़ में युवाओं के स्टार्टअप आइडिया को बढ़ावा, 17 अक्टूबर तक कर सकेंगे आवेदन; 5 करोड़ का पुरस्कार फंड

बिगुल
संत गुरु घासीदास शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कुरूद में विद्यार्थियों को नवाचार, उद्यमिता और स्टार्टअप की दिशा में प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ‘सेवा प्रथम नवाचार चुनौती सह जिला स्तरीय शिक्षा, उद्यमिता एवं नए व्यवसाय विकास कार्यक्रम’ का आयोजन किया गया। जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, धमतरी के सहयोग से हुए इस कार्यक्रम में करीब 150 छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया और अपने व्यावसायिक एवं रचनात्मक विचार प्रस्तुत किए।कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने अपने आसपास की समस्याओं को पहचानकर उनके तकनीकी और व्यावसायिक समाधान सामने रखे। प्रतिभागियों ने विजुअल प्रेजेंटेशन के माध्यम से अपने बिजनेस मॉडल और आइडिया की उपयोगिता समझाई। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को आइडिया विकसित करने से लेकर बिजनेस पिच तैयार करने और स्टार्टअप शुरू करने तक की प्रक्रिया की जानकारी दी।

जमीनी समस्याओं के समाधान पर छात्रों का फोकस
नवाचार सत्र में विद्यार्थियों ने स्थानीय स्तर पर सामने आने वाली विभिन्न समस्याओं को आधार बनाकर समाधान प्रस्तुत किए। विशेषज्ञों ने छात्रों को बताया कि किसी भी सफल स्टार्टअप के लिए समस्या की सही पहचान, व्यावहारिक समाधान और प्रभावी बिजनेस मॉडल महत्वपूर्ण होते हैं। इस दौरान प्रतिभागियों को छत्तीसगढ़ औद्योगिक नीति 2024-30 और राज्य नवाचार एवं नए व्यवसाय प्रोत्साहन नीति 2025-30 के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी भी दी गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि सरकारी नीतियों और योजनाओं का लाभ लेकर वे अपने नए व्यवसायिक विचारों को आगे बढ़ा सकते हैं।

50 विजेताओं को मिलेगा 10 लाख रुपये तक का प्रोत्साहन
सीजीएस नेटवर्क के निदेशक उमेश महिलानी ने विद्यार्थियों को ‘युवा धमतरी पोर्टल’ और ‘सेवा प्रथम नवाचार चुनौती’ की पंजीयन प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राज्यस्तरीय प्रतियोगिता के लिए कुल 5 करोड़ रुपये का पुरस्कार फंड निर्धारित किया गया है। प्रतियोगिता में चयनित 50 विजेताओं को अधिकतम 10 लाख रुपये तक की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। इच्छुक प्रतिभागी 17 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इस पहल का उद्देश्य युवाओं के नए विचारों को मंच देना और उन्हें उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना है।

IIM रायपुर के उद्यमिता कार्यक्रम के प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र
कार्यक्रम के दौरान भारतीय प्रबंध संस्थान (IIM), रायपुर की ओर से पूर्व में आयोजित उद्यमिता जागरूकता कार्यक्रम में शामिल प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र भी वितरित किए गए।समारोह में एसडीएम कुरूद पियूष तिवारी, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक लोकपाल खंडेकर, नायब तहसीलदार योगेश नितमलकर, महाविद्यालय के प्राचार्य पाण्डेय, प्रशांत चंद्राकर, कार्यक्रम प्रभारी एच.एल. टंडन, ताम्रकार सहित कॉलेज का स्टाफ और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button