इवनिंग वॉक पर निकले प्रोफेसर का चाकू की नोक पर अपहरण, आंखों पर बांधी पट्टी…मारपीट कर UPI का पासवर्ड लिया, महिला के खाते में ट्रांसफर किए 1 लाख

बिगुल
रायगढ़ के पुसौर थाना क्षेत्र के ग्राम जकेला में इवनिंग वॉक पर निकले डिग्री कॉलेज के प्रोफेसर का चार आरोपियों ने अपहरण कर लिया. आरोपियों ने चाकू की नोक पर प्रोफेसर को बंधक बनाकर उनके मोबाइल का पासवर्ड और UPI की जानकारी हासिल की और Google Pay और BHIM App के जरिए करीब 1 लाख रुपये एक महिला के खाते में ट्रांसफर करा लिए. इसके बाद प्रोफेसर को भूपदेवपुर क्षेत्र के पंडरीपानी में एक कमरे में बंधक बनाकर रखा गया.
जानकारी के मुताबिक 5 अक्टूबर की शाम करीब 6 से 7 बजे प्रोफेसर कपुरचंद गुप्ता (49) ग्राम जकेला में डीपापारा और शोभा राइस मिल के पास इवनिंग वॉक कर रहे थे. थकान होने पर वे सड़क किनारे डबरी के पास माइलस्टोन पर बैठकर आराम कर रहे थे. इसी दौरान दो आरोपी उनके पास पहुंचे और उन्हें पकड़कर डबरी की ओर ले गए. आरोपियों ने उनकी आंखों पर पट्टी बांध दी और पेट, गर्दन और छाती पर चाकू लगाकर जान से मारने की धमकी दी. इसके बाद आरोपी उन्हें मोटरसाइकिल से पंडरीपानी ले गए, जहां मारपीट कर मोबाइल का पासवर्ड, Google Pay और BHIM App की जानकारी हासिल की गई.
प्रोफेसर से 1 लाख रुपए ट्रांसफर कराए
आरोपियों ने एक महिला से संपर्क कर उसका QR कोड मंगवाया और प्रोफेसर के खाते की करीब 1 लाख रुपये की लिमिट खत्म होने तक रकम ट्रांसफर कराई. इतना ही नहीं, आरोपियों ने प्रोफेसर से घर फोन करवाकर सब कुछ ठीक होने की बात कहलवाई, ताकि परिजनों को शक न हो. रकम ट्रांसफर कराने के बाद आरोपियों ने प्रोफेसर की आंखों पर फिर पट्टी बांधी और पंडरीपानी स्थित एक कमरे में बंधक बनाकर रखा. इधर, परिजनों को घटना पर संदेह हुआ तो उन्होंने अपने स्तर पर लोकेशन का पता लगाया और पंडरीपानी पहुंच गए.
मामले की जांच में जुटी पुलिस
परिजनों के पहुंचने की भनक लगते ही आरोपी मौके से फरार हो गए. सूचना मिलते ही पुसौर थाना प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और प्रोफेसर को सकुशल रेस्क्यू कर थाने लाया गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह ने आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए. पुलिस ने रातभर पतासाजी करते हुए घटना के 24 घंटे के भीतर ग्राम जकेला निवासी आरोपी सुनील सारथी को गिरफ्तार कर किया.
जांच में जुटी पुलिस
पूछताछ में आरोपी ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर प्रोफेसर के अपहरण और UPI के जरिए रकम ट्रांसफर कराने की योजना में शामिल होना स्वीकार किया है. मामले में थाना पुसौर में धारा 140(3), 309(6), 142 एवं 351(3) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस ने जिस महिला के खाते में रकम ट्रांसफर कराई गई थी, उससे संपर्क कर पूरी रकम सुरक्षित करा ली है. अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है.



