Blog

छत्तीसगढ़ के किसानों के लिए बड़ा ऐलान, धान के बदले दूसरी फसल लेने पर मिलेंगे 15 हजार रुपए प्रति एकड़

बिगुल

छत्तीसगढ़ में किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने और खेती को ज्यादा मुनाफे का जरिया बनाने के लिए राज्य सरकार ने फसल विविधीकरण पर जोर दिया है। अब किसानों को केवल धान की खेती तक सीमित रहने के बजाय दलहन, तिलहन, मक्का और मिलेट्स जैसी दूसरी फसलें अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। इसके लिए सरकार ने प्रति एकड़ 15 हजार रुपए तक की प्रोत्साहन राशि देने का प्रावधान किया है।

शुक्रवार को नवा रायपुर स्थित संवाद ऑडिटोरियम में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कृषि विभाग की उपलब्धियों और किसानों के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी साझा की। उन्होंने धान खरीदी, कृषक उन्नति योजना, फसल विविधीकरण और दलहन-तिलहन की MSP पर खरीदी से जुड़े कई महत्वपूर्ण ऐलान किए।

धान की खेती पर प्रति एकड़ 13,839 रुपए की सहायता
कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने बताया कि राज्य सरकार किसानों से प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान की खरीदी 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से करने का निर्णय ले चुकी है। इसके साथ ही कृषक उन्नति योजना के तहत पात्र किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपए की आदान सहायता राशि मिलेगी।

उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कोई किसान अपने पंजीकृत रकबे के अनुसार निर्धारित मात्रा से कम धान बेचता है, तब भी उसे पूरे पंजीकृत रकबे के आधार पर प्रोत्साहन राशि का लाभ मिलेगा। इससे किसानों को उनकी खेती के रकबे के हिसाब से आर्थिक सहायता मिल सकेगी।

धान छोड़ दूसरी फसल उगाने पर अब 15 हजार रुपए
सरकार किसानों को फसल बदलने के लिए भी आर्थिक प्रोत्साहन दे रही है। कृषि मंत्री ने बताया कि धान की जगह दूसरी फसल लेने वाले किसानों को अब प्रति एकड़ 11 हजार रुपए के स्थान पर 15 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।

वहीं, दलहन, तिलहन, मक्का, कोदो, कुटकी, रागी और कपास की खेती करने वाले किसानों को प्रति एकड़ 10 हजार रुपए की सहायता मिलेगी। सरकार का मानना है कि इससे किसान पारंपरिक धान की खेती के साथ दूसरी लाभकारी फसलों की ओर भी रुख करेंगे। साथ ही खेती में पानी की खपत और धान पर निर्भरता कम करने में मदद मिलेगी।

कृषक उन्नति योजना से 25 लाख से ज्यादा किसानों को फायदा
प्रेस कॉन्फ्रेंस में कृषि मंत्री ने कृषक उन्नति योजना के आंकड़े भी साझा किए। उन्होंने बताया कि खरीफ 2023 से खरीफ 2025 तक इस योजना के अंतर्गत 25 लाख से अधिक किसानों को कुल 35,904 करोड़ 90 लाख रुपए का भुगतान किया जा चुका है।

सरकार इस योजना के जरिए किसानों को आर्थिक संबल देने और कृषि क्षेत्र में निवेश को बढ़ावा देने का प्रयास कर रही है।

दलहन और तिलहन की फसलों की MSP पर होगी खरीदी
किसानों को दूसरी फसलों की खेती के लिए प्रोत्साहित करने के साथ ही सरकार न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदी की व्यवस्था भी कर रही है। कृषि मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री अन्नदाता आय संरक्षण अभियान (PM-AASHA) के तहत दलहन और तिलहन फसलों की MSP पर खरीदी की जाएगी।

The Bigul

हमारा आग्रह : एक निष्पक्ष, स्वतंत्र, साहसी और सवाल पूछती पत्रकारिता के लिए हम आपके सहयोग के हकदार हैं. कृपया हमारी आर्थिक मदद करें. आपका सहयोग 'द बिगुल' के लिए संजीवनी साबित होगा.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button