Blog

धान खरीदी आज से, नितिन नवीन का दौरा और छठ पूजा का संध्या अर्घ्य, सहित पढ़ें आज की बड़ी खबरें

BIGUL

छत्तीसगढ़ में आज 15 नवंबर का दिन कई महत्वपूर्ण आयोजनों और फैसलों के लिहाज से खास रहने वाला है। एक ओर प्रदेश में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की शुरुआत हो रही है, वहीं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जनजातीय गौरव दिवस के कार्यक्रमों में शामिल होंगे। इसके अलावा बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी छत्तीसगढ़ के दौरे पर पहुंचेंगे। छठ महापर्व के तहत आज व्रती डूबते सूर्य को संध्या अर्घ्य देंगे। वहीं, जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर नवा रायपुर के दोनों प्रमुख जनजातीय संग्रहालयों में आम लोगों को निःशुल्क प्रवेश की सुविधा मिलेगी। आइए जानते हैं छत्तीसगढ़ में आज की पांच बड़ी खबरें।

जनजातीय गौरव दिवस समारोह में शामिल होंगे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे। मुख्यमंत्री का दिनभर का कार्यक्रम रायगढ़ और जशपुर जिले में निर्धारित है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सुबह 7:15 बजे रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास, सिविल लाइन से रवाना होंगे। सुबह 8:25 बजे वे रायगढ़ जिले के चिरईपाली स्थित ओपी जिंदल एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद सुबह 9:50 बजे धरमजयगढ़ कॉलेज ग्राउंड पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री सुबह 10 बजे से 11:30 बजे तक धरमजयगढ़ के दशहरा मैदान में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस समारोह-2026 में शामिल होंगे। कार्यक्रम के बाद दोपहर 12:10 बजे रायगढ़ एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री दोपहर 1:50 बजे जशपुर जिले के ग्राम आरा स्थित हाईस्कूल मैदान पहुंचेंगे। यहां दोपहर 2 बजे आईटीआई आरा में प्रचेत नर्सिंग कौशल कॉलेज का उद्घाटन करेंगे। शाम 3:40 बजे वे तपकरा रेस्ट हाउस पहुंचेंगे और शाम 5 बजे छठ घाट पर आयोजित छठ महापर्व के कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद शाम 6:30 बजे ग्राम बगिया स्थित अपने निजी निवास पहुंचकर रात्रि विश्राम करेंगे।

छत्तीसगढ़ में आज से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू, किसानों को मिलेंगे 3100 रुपये प्रति क्विंटल
छत्तीसगढ़ के किसानों के लिए आज से धान खरीदी का इंतजार खत्म होने जा रहा है। प्रदेश में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की शुरुआत हो रही है। जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर प्रदेशभर के धान उपार्जन केंद्रों में खरीदी प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इस वर्ष राज्य सरकार ने 27.50 लाख से अधिक किसानों से धान खरीदने का लक्ष्य निर्धारित किया है। सरकार की योजना के अनुसार किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदा जाएगा। वहीं, प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान की खरीदी की जाएगी। धान खरीदी व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए प्रदेश में कुल 3100 उपार्जन केंद्र बनाए गए हैं। इसके साथ ही इस खरीफ सीजन में 360 नए खरीदी केंद्र भी शुरू किए जा रहे हैं। इससे किसानों को अपनी उपज बेचने में सुविधा मिलने की उम्मीद है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछले तीन वर्षों के दौरान छत्तीसगढ़ में लगभग 437 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई है। इस अवधि में किसानों को करीब 1.50 लाख करोड़ रुपये का भुगतान किया गया है।नक्शे देखें

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन आज छत्तीसगढ़ दौरे पर
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन आज एक दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास पर आ रहे हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद संभालने के बाद यह उनका पहला छत्तीसगढ़ दौरा होगा। अपने प्रवास के दौरान नितिन नवीन रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ पहुंचेंगे। यहां भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर आयोजित जनजातीय गौरव दिवस समारोह में शामिल होंगे। उनके दौरे को राजनीतिक और संगठनात्मक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित कई प्रमुख नेताओं की मौजूदगी रहने की संभावना है।नक्शे देखें

छत्तीसगढ़ में छठ महापर्व का संध्या अर्घ्य आज, घाटों पर उमड़ेगी श्रद्धालुओं की भीड़
छत्तीसगढ़ में छठ महापर्व को लेकर उत्साह चरम पर है। चार दिवसीय इस महापर्व के तीसरे दिन आज 15 नवंबर को व्रती महिलाएं और पुरुष अस्ताचलगामी सूर्य को संध्या अर्घ्य अर्पित करेंगे। इसके साथ ही 16 नवंबर की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद छठ पूजा का समापन होगा। राजधानी रायपुर में महादेव घाट, व्यास तालाब सहित 50 से अधिक स्थानों पर छठ पूजा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। घाटों की साफ-सफाई, सजावट और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए तैयारियां की गई हैं। महादेव घाट पर आज शाम 4 बजे से विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। इसमें देश के अलग-अलग शहरों से पहुंचे कलाकार छठ गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए लोगों का मनोरंजन करेंगे। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के लोक कलाकार तिलक राजा साहू और केशरी साहू भी अपनी प्रस्तुति देंगे। वहीं, प्रयागराज से आई टीम अंतरराष्ट्रीय नृत्य नाटिका और आकर्षक झांकियों का प्रदर्शन करेगी। संध्या अर्घ्य के अवसर पर महादेव घाट में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए आयोजन स्थल पर विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।

The Bigul

हमारा आग्रह : एक निष्पक्ष, स्वतंत्र, साहसी और सवाल पूछती पत्रकारिता के लिए हम आपके सहयोग के हकदार हैं. कृपया हमारी आर्थिक मदद करें. आपका सहयोग 'द बिगुल' के लिए संजीवनी साबित होगा.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button