दवा कारोबारी शशांक चोपड़ा से 15 करोड़ की रंगदारी मांगी, बिश्नोई गैंग के नाम पर धमकी; घर के बाहर पुलिस तैनात

बिगुल
छत्तीसगढ़ के दुर्ग में दवा कारोबारी और मोक्षित कॉर्पोरेशन के डायरेक्टर शशांक चोपड़ा से 15 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। कारोबारी को वॉट्सऐप कॉल और वॉइस नोट के जरिए धमकी दी गई। धमकी देने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताया और रकम नहीं देने पर परिवार के एक सदस्य की हत्या करने की चेतावनी दी।
जानकारी के मुताबिक, 19 नवंबर को शशांक चोपड़ा के वॉट्सऐप पर धमकी भरा वॉइस नोट आया था। इसके साथ कॉल करके भी उनसे 15 करोड़ रुपये की मांग की गई। धमकी मिलने के बाद कारोबारी ने उसी दिन शाम को दुर्ग के कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कारोबारी के परिवार की सुरक्षा बढ़ा दी है। पिछले तीन दिनों से उनके घर के बाहर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। वॉट्सऐप वॉइस नोट भेजकर मांगे 15 करोड़ शिकायत के अनुसार, कारोबारी को वॉट्सऐप पर वॉइस मैसेज भेजकर रंगदारी मांगी गई। धमकी देने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताया। साथ ही चेतावनी दी कि यदि मांगी गई रकम नहीं दी गई तो परिवार के किसी सदस्य की हत्या कर दी जाएगी।
धमकी के बाद कारोबारी और उनका परिवार दहशत में है। उन्होंने पुलिस से सुरक्षा और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। घर के बाहर पुलिस तैनात, नंबरों की जांच जारी मामले की शिकायत मिलने के बाद दुर्ग पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। कारोबारी के घर के बाहर पुलिस टीम तैनात की गई है। वहीं, वॉट्सऐप पर आए वॉइस नोट, कॉल और उनसे जुड़े मोबाइल नंबरों की जांच की जा रही है। पुलिस तकनीकी साक्ष्य जुटाकर धमकी देने वाले व्यक्ति की पहचान करने की कोशिश कर रही है। हालांकि, शुरुआती जांच में पुलिस ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग की सीधी संलिप्तता की पुष्टि नहीं की है।
जांच का एक अहम पहलू यह भी है कि धमकी देने वाले का वास्तव में किसी संगठित गिरोह से संबंध है या उसने सिर्फ गैंग का नाम लेकर कारोबारी को डराने की कोशिश की। मेडिकल खरीदी मामले में भी चर्चा में रहे हैं शशांक चोपड़ा शशांक चोपड़ा की फर्म मोक्षित कॉर्पोरेशन मेडिकल उपकरण, जांच में इस्तेमाल होने वाली सामग्री और स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े सामान की सप्लाई करती है। उनका नाम छत्तीसगढ़ में मेडिकल उपकरणों और रिएजेंट की सरकारी खरीदी से जुड़े कथित घोटाले में भी सामने आया था।



