छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए बड़ा मौका, यहां 3500 पदों पर निकली बंपर भर्ती, 2 लाख रुपए मिलेगा वेतन, 10वीं पास कर सकते हैं आवेदन

बिगुल
छत्तीसगढ़ शासन के कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग के माध्यम से युवाओं के लिए इजराइल में रोजगार उपलब्ध किया गया है। नेशनल स्किल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन के अंतर्गत भारत-इजराइल समझौते के तहत होम-बेस्ड केयर गिवर के 3 हजार 500 पदों पर भर्ती की जाएगी। (Israel Caregiver Hiring) चयनित अभ्यर्थियों को 2 लाख रुपये प्रतिमाह वेतन प्रदान किया जाएगा। प्रारंभिक अनुबंध अवधि दो वर्ष की होगी, जिसे आवश्यकता अनुसार आगे बढ़ाया जा सकेगा। इसके लिए अभ्यर्थी की आयु 25 से 45 वर्ष के बीच होना आवश्यक है। आवेदक न्यूनतम 10वीं उत्तीर्ण हो तथा इंटरमीडिएट स्तर पर अंग्रेजी विषय का अध्ययन किया हो। इसके अलावा कम से कम तीन वर्ष की वैधता वाला पासपोर्ट, शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ होना, 1.5 मीटर से अधिक लंबाई तथा 45 किलोग्राम से अधिक वजन अनिवार्य है। अभ्यर्थी पूर्व में इजराइल में कार्य न किया हो।
वांछनीय शैक्षणिक योग्यता भारतीय नियामक प्राधिकरण से मान्यता प्राप्त 990 घंटे के ऑन-द-जॉब ट्रेनिंग सहित केयर गिविंग प्रमाणपत्र अनिवार्य रखा गया है। इसके अतिरिक्त जनरल ड्यूटी असिस्टेंट, ऑक्जिलरी नर्स मिडवाइफ, जनरल नर्स मिडवाइफ, बीएससी नर्सिंग, फिजियोथेरेपी, नर्स असिस्टेंट, मिडवाइफ में से किसी एक क्षेत्र का प्रमाणपत्र होना आवश्यक है। चयनित अभ्यर्थियों को नियोजक द्वारा आवास एवं भोजन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही चिकित्सा बीमा, 09 दिनों का राष्ट्रीय अवकाश तथा 16 दिनों का वार्षिक अवकाश भी प्रदान किया जाएगा। सप्ताह में 06 दिन कार्य करना होगा। वेतन से चिकित्सा बीमा, आवास, भोजन एवं अन्य निर्धारित मदों की कटौती के बाद लगभग 1 लाख 99 हजार 770 रुपये प्रतिमाह भुगतान किया जाएगा।
अभ्यर्थी को छत्तीसगढ़ रोजगार पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीयन करना होगा। इसके बाद दस्तावेजों एवं पात्रता की जांच, अभ्यर्थियों को मार्गदर्शन, दस्तावेज सत्यापन, स्वास्थ्य परीक्षण, पुलिस क्लीयरेंस तथा इजराइली नियोजक द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से साक्षात्कार लिया जाएगा। अंतिम चयन इजराइल के नियोजक द्वारा किया जाएगा। रोजगार विभाग ने पात्र अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे ई-रोजगार पोर्टल पर उपलब्ध विदेशों में रोजगार होम-बेस्ड केयर गिवर लिंक के माध्यम से शीघ्र पंजीयन कराएं। भर्ती प्रक्रिया से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी अथवा शंका के समाधान के लिए रोजगार कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।



