ब्रेकिंग : राजधानी के होटल में प्रेमी युगल के बीच खूनी वारदात, प्रेमिका की हत्या के बाद युवक ने रेता अपना गला, हालत गंभीर

बिगुल
राजधानी रायपुर में एक होटल के कमरे में प्रेमी युगल के बीच विवाद के बाद हुई हिंसक घटना ने सनसनी फैला दी।
रायपुर के झूलेलाल चौक के पास स्थित होटल बंसल पैराडाइज के कमरा नंबर 401 में शुक्रवार दोपहर युवती की चाकू लगने से मौत हो गई, जबकि युवक गंभीर रूप से घायल हालत में मिला। पुलिस के मुताबिक युवक ने कथित तौर पर खुद का गला काटकर जान देने की कोशिश की। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक हत्या की ये वारदात गंज थाना क्षेत्र की है। बताया जा रहा है कि 14 अगस्त को कृष्ण कुमार भारद्वाज और रिमन मंडावी होटल के कमरा नंबर 401 में ठहरे थे। दोनों ने पहचान पत्र के आधार पर होटल में चेक-इन किया था। दोपहर करीब 3:30 से 3:45 बजे के बीच होटल कर्मचारियों ने कमरे से युवती के जोर-जोर से चिल्लाने की आवाज सुनी। इसके बाद कर्मचारी कमरे के बाहर पहुंचे और दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला।
दरवाजा नहीं खुलने पर होटल कर्मचारियों ने खिड़की तोड़ी। अंदर का दृश्य देखकर कर्मचारी सकते में आ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक अपने गले पर चाकू से वार करता हुआ दिखाई दिया। सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची। कमरे की तलाशी के दौरान युवती मृत मिली, जबकि युवक खून से लथपथ और गंभीर रूप से घायल था। उसे तत्काल अस्पताल भेजा गया। फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि कमरे के अंदर दोनों के बीच किस बात को लेकर विवाद हुआ और वारदात किस क्रम में हुई।
शुरुआती जांच में दोनों के बीच विवाद की आशंका जताई जा रही है, लेकिन पुलिस ने अभी घटना की अंतिम वजह की पुष्टि नहीं की है।पुलिस ने होटल के कमरे को सील कर दिया है। CCTV फुटेज, मोबाइल फोन, कमरे से मिले साक्ष्य और होटल रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। होटल कर्मचारियों से भी पूछताछ की जा रही है। युवती के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। वहीं घायल युवक का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
पुलिस अब उसके बयान का भी इंतजार कर रही है, जिससे घटना की पूरी तस्वीर सामने आने में मदद मिल सकती है। फिलहाल इस मामले में कई सवाल अनसुलझे हैं, कमरे के अंदर आखिर क्या हुआ ? युवती की मौत किस तरह हुई और युवक ने खुद पर हमला क्यों किया ? पुलिस इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही मामले की स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।


