Blog

क्राइम : अंतरराज्यीय चोरी गिरोह का किया पर्दाफाश, 13.70 लाख रुपये का मशरूका सहित 5 आरोपी गिरफ्तार, पुलिस कप्तान आईपीएस त्रिलोक बंसल ने टीम को दी बधाई

बिगुल

सायबर सेल एवं सिटी कोतवाली बेमेतरा पुलिस की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। कई आपराधिक प्रकरणों में संलिप्त शातिर चोरो को बेमेतरा पुलिस ने गिरफ्त किया है।

सूत्रों के मुताबिक पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल के निर्देशन तथा दुर्ग रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अभिषेक शांडिल्य की सतत निगरानी में बेमेतरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सोने-चांदी के जेवरात चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है।

साइबर सेल और सिटी कोतवाली बेमेतरा की संयुक्त टीम ने इस मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी गए सोने-चांदी के जेवरात, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, टीवी, मोबाइल, नगदी, गोल्ड प्लेज कार्ड, गोल्ड लोन दस्तावेज सहित करीब 13.70 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया है।

घटना 22 जुलाई 2026 को वार्ड क्रमांक-12 सिंघौरी, बेमेतरा निवासी पवन शाह (36 वर्ष) ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 21-22 जुलाई की मध्यरात्रि दो अज्ञात चोरों ने घर का दरवाजा तोड़कर प्रवेश किया और अलमारी में रखे लगभग 4.60 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात तथा 1 लाख रुपये नकद, कुल 5.60 लाख रुपये की चोरी कर ली। इस संबंध में थाना सिटी कोतवाली बेमेतरा में बीएनएस की धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

विशेष टीम का गठन
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी त्रिलोक बंसल ने तत्काल अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, एसडीओपी, थाना प्रभारी, साइबर सेल, डॉग स्क्वॉड एवं फॉरेंसिक टीम को जांच में लगाया। तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज तथा मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया गया।

पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा
पूछताछ में आरोपियों ने चोरी करना स्वीकार किया। उन्होंने बताया कि चोरी की नकदी का आपस में बंटवारा किया गया। चोरी के जेवरों का एक हिस्सा राजनांदगांव स्थित ज्वेलर्स को बेच दिया गया, जबकि कुछ जेवर ESAF स्मॉल फाइनेंस बैंक में गिरवी रखकर 4.75 लाख रुपये का गोल्ड लोन लिया गया। चोरी की रकम से टीवी और मोबाइल भी खरीदे गए तथा कुछ राशि बैंक खातों में ऑनलाइन ट्रांसफर की गई।

बरामदगी
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर निम्न सामग्री बरामद की—
चोरी के सोने-चांदी के जेवरात,घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल,ताला काटने की आरी एवं हुक,
टीवी और मोबाइल,गोल्ड प्लेज कार्ड एवं गोल्ड लोन दस्तावेज,नगद राशि सहित अन्य सबूत।

बरामद सामग्री की कुल कीमत करीब 13.70 लाख रुपये आंकी गई है।

गिरफ्तार आरोपी
अजय कुमार जैन (राजनांदगांव)
मोहम्मद सुमोन खान (मूल निवासी पश्चिम बंगाल)
राजेश निषाद (राजनांदगांव)
दिव्या बाई सांखला (जैन)
आदित्य जैन (ज्वेलर्स संचालक, राजनांदगांव)

आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में से चार के खिलाफ पहले से चोरी, नकबजनी, आर्म्स एक्ट, जुआ और मारपीट सहित कई गंभीर अपराध दर्ज हैं।
अजय कुमार जैन – लगभग 41 मामले
राजेश निषाद – लगभग 33 मामले
मोहम्मद सुमोन खान – 7 मामले
दिव्या बाई सांखला – 11 मामले
आरोपियों के विरुद्ध पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड को देखते हुए प्रकरण में बीएनएस की अतिरिक्त धाराएं भी जोड़ी गई हैं।

न्यायालय में पेश
सभी आरोपियों को 31 जुलाई 2026 को गिरफ्तार किया गया था। तीन मुख्य आरोपियों को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई। 3 अगस्त 2026 को उन्हें न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।

टीम की सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सिटी कोतवाली निरीक्षक सोनल ग्वाला, साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक मयंक मिश्रा सहित थाना एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम के अधिकारियों और कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस अधीक्षक ने पूरी टीम की सराहना की।

The Bigul

हमारा आग्रह : एक निष्पक्ष, स्वतंत्र, साहसी और सवाल पूछती पत्रकारिता के लिए हम आपके सहयोग के हकदार हैं. कृपया हमारी आर्थिक मदद करें. आपका सहयोग 'द बिगुल' के लिए संजीवनी साबित होगा.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button