Blog

संस्कृत विद्यालय में आधी रात लगी भीषण आग, छात्रावास में रह रहे 50 से अधिक छात्रों को सुरक्षित निकाला

बिगुल
मंगलवार देर रात गौरेला के एक संस्कृत विद्यालय में अचानक आग भड़कने से अफरा-तफरी मच गई। आग ने विद्यालय के कई कमरों को अपनी चपेट में ले लिया, लेकिन दमकल और स्थानीय लोगों की तत्परता से छात्रावास में मौजूद 50 से अधिक छात्रों को सुरक्षित बचा लिया गया।

गौरेला स्थित गोरखपुर के परमात्मानंद संस्कृत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में मंगलवार देर रात भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग ने देखते ही देखते विद्यालय के कई कमरों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे फर्नीचर, महत्वपूर्ण दस्तावेज और अन्य सामान जलकर नष्ट हो गया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार घटना में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। हालांकि सबसे बड़ी राहत यह रही कि विद्यालय परिसर स्थित छात्रावास में सो रहे 50 से अधिक छात्रों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार मंगलवार रात करीब 12:30 बजे विद्यालय परिसर से धुआं और आग की लपटें उठती देख स्थानीय लोगों ने नगर पालिका परिषद पेंड्रा के दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों तथा पुलिस के सहयोग से आग बुझाने का अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया और उसे छात्रावास व विद्यालय के अन्य हिस्सों तक फैलने से रोक दिया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग की लपटें काफी तेज थीं और धुआं दूर तक दिखाई दे रहा था, जिससे आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर गौरेला पुलिस भी मौके पर पहुंची और सुरक्षा व्यवस्था संभालने के साथ राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया।

प्रारंभिक स्तर पर आशंका जताई जा रही है कि किसी जलती सामग्री या चिंगारी के विद्यालय के ऊपरी हिस्से में रखे सामान तक पहुंचने से आग भड़की हो सकती है। हालांकि पुलिस और संबंधित विभागों ने स्पष्ट किया है कि आग लगने के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।

फिलहाल प्रशासन नुकसान का आकलन कर रहा है और आग लगने के कारणों की जांच जारी है। इस घटना के बाद छात्रों, अभिभावकों और स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है। वहीं दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई के चलते जनहानि नहीं होने से सभी ने राहत की सांस ली।

The Bigul

हमारा आग्रह : एक निष्पक्ष, स्वतंत्र, साहसी और सवाल पूछती पत्रकारिता के लिए हम आपके सहयोग के हकदार हैं. कृपया हमारी आर्थिक मदद करें. आपका सहयोग 'द बिगुल' के लिए संजीवनी साबित होगा.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button