भाजपा में शामिल हुए पूर्व कांग्रेस विधायक सहित चार को अवैध खनन के मामले 140 करोड़ का नोटिस

बिगुल
भोपाल. इंदौर के बरोली क्षेत्र में हुए अवैध खनन के मामले में पूर्व विधायक संजय शुक्ला, उनके भाई राजेन्द्र शुक्ला सहित चार लोगों को नोटिस जारी किया गया है। 140 करोड़ से अधिक के नोटिस में शुक्ला को 19 अप्रैल तक जवाब देना होगा। अपर कलेक्टर गौरव बेनल की कोर्ट ने नोटिस जारी किया है।
अवैध खनन के मामले में जिले में अब तक का सबसे बड़ा जुर्माना लगाया गया हैं। इसके लिए पूर्व विधायक संजय शुक्ला, राजेन्द्र शुक्ला, ईडन गार्डन गृह निर्माण संस्था के अध्यक्ष निलेश पिता बनवारीलाल पंसारी और मेहरबान सिंह के खिलाफ 140 करोड़ 63 लाख 14 हजार 330 रुपये का नोटिस जारी किया है।
अपर कलेक्टर गौरव बैनल ने बताया कि बारोली में हुए अवैध खनन में खनिज विभाग ने गणना के बाद जो जानकारी निकाली है, उसके मुताबिक यहां से 4 लाख 2 हजार 633 घन मीटर मुर्रम और 2 लाख घन मीटर से ज्यादा पत्थर निकाला गया है। मामले में संजय शुक्ला, राजेन्द्र शुक्ला, ईडन गार्डन गृह निर्माण संस्था के अध्यक्ष निलेश पंसारी और मेहरबान सिंह के खिलाफ नोटिस जारी किया है।
गौरतलब है कि इस मामले में फरवरी 2017 में केस दर्ज किया गया था। पूर्व कलेक्टर डॉ. इलैया राजा टी ने भी इसका संज्ञान में लिया था। वर्तमान कलेक्टर आशीष सिंह के आने के बाद 8 फरवरी 2024 को खनिज विभाग ने हिसाब बनाया और चार लोगों को नोटिस जारी किए गए। ज्ञात है कि शुक्ला हाल ही में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो चुके है। उन्होंने अवैध खनन की कार्रवाई के बाद भाजपा की सदस्यता ली थी।



