नगर सरकार चुनाव की तैयारी शुरू, 184 निकाय में से 169 निकायों में इस वर्ष के अंत में होगा चुनाव

बिगुल
रायपुर. छत्तीसगढ़ में नवंबर-दिसंबर में होने वाले नगरीय निकाय के चुनाव की सरकार ने तैयारी शुरू कर दी है। चुनाव से पहले नगर निगमों, नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों का परिसीमन कराया जाएगा। रायपुर समेत जिन नगर निगमों में वार्डों की संख्या 70 है, वहां परिसीमन तो होगा पर नए वार्ड नहीं बनाए जायेंगे।
आपको बता दें कि प्रदेश में कुल 184 निकाय है, जिसमें से 169 निकायों में 2024 के आखिरी महीनों में चुनाव होना है। शेष बचे 15 निकायों में 2025 में चुनाव होगा। नगर सरकार के चुनाव को लेकर हर स्तर पर तेज तैयारी हो गई है।
महापौर चुनाव सीधे होगा
छत्तीसगढ़ में हुए लोकसभा चुनाव में सांसद प्रत्याशियों के साथ-साथ महापौर पद के दावेदारों ने भी अपनी सक्रियता बढ़ा दी थी। दावेदारों का खास फोकस शहरी क्षेत्रों में रहा। अब नतीजे उनकी दावेदारों को पुता करने का बड़ा आधार बनेंगे। दरअसल, छत्तीसगढ़ के नगरीय निकायों के चुनाव दिसबर के अंत में प्रस्तावित है। इसके लिए अक्टूबर के दूसरे सप्ताह तक आचार संहिता लागू हो सकती है। यही वजह है कि 4 जून को लोकसभा चुनाव के नतीजे आने के साथ ही कांग्रेस-भाजपा नगरीय निकाय चुनाव की तैयारियों में जुट जाएंगे।
छत्तीसगढ़ में 14 नगर निगम, 48 नगर पालिका परिषद और 122 नगर पंचायत है। इनमें अधिकांश निकायों में चुनाव होने हैं। हालांकि दिसबर में 10 नगर निगमों में ही चुनाव होगा। नगर निगम बिरगांव, भिलाई, भिलाई-चरोदा और नगर निगम रिसाली में 2025 में चुनाव होंगे। खास बात यह है कि पिछली बार प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनाने के बाद हुए निकाय चुनावों में कांग्रेस का दबदबा था। प्रदेश की 14 नगर निगमों में कांग्रेस का कब्जा है। इस बार भाजपा को इन निगमों में चुनाव जीतने की चुनौती होगी। वहीं कांग्रेस अपना कब्जा बरकार रखने के उद्देश्य से चुनाव मैदान में उतरेगी। पिछली बार की तरह इस बार के चुनाव में प्रदेश के साथ-साथ स्थानीय मुद्दे हावी रहेंगे।



