Blog

हेमचंद यादव विश्वविद्यालय की महिला कर्मचारी के वेतन में हेरा-फेरी, कुलसचिव गिरफ्तार

बिगुल
दुर्ग स्थित हेमचंद यादव विश्वविद्यालय की एक दैनिक वेतनभोगी महिला कर्मचारी के वेतन से कथित रूप से 1,49,384 रुपए की हेराफेरी के मामले में मोहन नगर थाना पुलिस ने विश्वविद्यालय के कुलसचिव भूपेन्द्र कुमार कुलदीप को गिरफ्तार किया है.

दुर्ग स्थित हेमचंद यादव विश्वविद्यालय की एक दैनिक वेतनभोगी महिला कर्मचारी के वेतन से कथित रूप से 1,49,384 रुपए की हेराफेरी के मामले में मोहन नगर थाना पुलिस ने विश्वविद्यालय के कुलसचिव भूपेन्द्र कुमार कुलदीप को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 316(4) के तहत अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है.
हेमचंद यादव विश्वविद्यालय की महिला कर्मचारी के वेतन में हेरा-फेरी

सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि 3 अगस्त को विश्वविद्यालय की अर्धकुशल दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी शुभांगी मराठे की शिकायत तथा विश्वविद्यालय द्वारा गठित जांच समिति की रिपोर्ट के आधार पर एफआईआर दर्ज की गई. जांच में सामने आया कि शुभांगी विश्वविद्यालय में कार्य करने के साथ-साथ कुलसचिव के निवास पर भोजन बनाने का काम भी करती थी. उसका मासिक वेतन 11,515 रुपए था, लेकिन आरोप है कि उसे केवल 2,200 रुपए नकद दिए जाते थे. शेष राशि आरोपी के दबाव में फोनपे और पेटीएम के माध्यम से उदय कुलदीप के बैंक खाते में ट्रांसफर कराई जाती थी. उन्होंने ने कहा कि 6 फरवरी 2025 से 4 जुलाई 2026 के बीच इस तरीके से कुल 1,49,384 रुपए की राशि का गबन किया गया.
पुलिस ने कुलसचिव को किया गिरफ्तार

विश्वविद्यालय की जांच समिति की रिपोर्ट, बैंक खातों के विवरण और यूपीआई ट्रांजेक्शन की जांच में इन तथ्यों की पुष्टि होने का दावा किया गया है. उन्होंने ने कहा कि आरोपी ने अपने प्रशासनिक पद और प्रभाव का दुरुपयोग करते हुए मातहत कर्मचारी पर दबाव बनाया और उसके वेतन का बड़ा हिस्सा अपने परिचित के खाते में ऑनलाइन ट्रांसफर कराकर अनुचित आर्थिक लाभ प्राप्त किया.

विश्वविद्यालय प्रशासन से प्राप्त प्रतिवेदन, बैंक अभिलेख और अन्य दस्तावेजों के आधार पर मोहन नगर थाना पुलिस ने अपराध दर्ज कर भूपेन्द्र कुमार कुलदीप को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी है.

The Bigul

हमारा आग्रह : एक निष्पक्ष, स्वतंत्र, साहसी और सवाल पूछती पत्रकारिता के लिए हम आपके सहयोग के हकदार हैं. कृपया हमारी आर्थिक मदद करें. आपका सहयोग 'द बिगुल' के लिए संजीवनी साबित होगा.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button