सम्मान : वरिष्ठ पत्रकार राजेश गनोदवाले 26वें वसुंधरा सम्मान से सम्मानित होंगे, 14 अगस्त को भिलाई के महात्मा गांधी कला मंदिर में होगा आयोजन

बिगुल
वसुंधरा एवं श्री चतुर्भुज मेमोरियल फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाली 26वीं राष्ट्रीय वैचारिक संगोष्ठी में इस वर्ष वसुंधरा सम्मान सुपरिचित पत्रकार एवं संस्कृतिकर्मी राजेश गनोदवाले को प्रदान किया जाएगा।
सम्मान समारोह शुक्रवार 14 अगस्त को भिलाई के महात्मा गांधी कला मंदिर सभागार में आयोजित किया जाएगा। यह सम्मान कीर्ति शेष देवीप्रसाद चौबे की स्मृति में लोकजागरण के क्षेत्र में दिए गए उल्लेखनीय योगदान के लिए दिया जाता है।
तीन दशक से सांस्कृतिक पत्रकारिता में सक्रिय
निर्णायक समिति के अनुसार श्री गनोदवाले सांस्कृतिक पत्रकारिता के लिए पूरे देश में जाने जाते हैं। कला, संगीत, रंगमंच और छत्तीसगढ़ की लोककलाओं को राष्ट्रीय स्तर पर रेखांकित करने में उनका तीन दशक से अधिक का योगदान रहा है।
उन्होंने भारत रत्न पं. रविशंकर, ज्ञानपीठ सम्मानित विनोद कुमार शुक्ल और नाट्य निर्देशक हबीब तनवीर पर तथ्यपरक बायोग्राफिकल लेखन किया है। लोक अभिरुचि पर उनके 8 मोनोग्राफ प्रकाशित हो चुके हैं।
श्री गनोदवाले को पूर्व में चंदूलाल चंद्राकर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार 2010, ऋतुराज सम्मान 2000, राष्ट्रीय कला समीक्षा सम्मान 2011 और मोहन राकेश राष्ट्रीय नाट्य लेखन सम्मान से सम्मानित किया जा चुका है।
अध्यक्षता और अतिथि
कार्यक्रम की अध्यक्षता जाने माने पत्रकार डॉ. विश्वेश ठाकरे करेंगे। मुख्य अतिथि के रूप में प्रसार भारती के पूर्व निदेशक लीलाधर मंडलोई, वरिष्ठ पत्रकार सतीश जायसवाल, डॉ. वीरेन्द्र मोहन और ई.वी. मुरली उपस्थित रहेंगे।
पिछले सम्मानित
वसुंधरा सम्मान अब तक स्व. रमेश नैयर, स्व. श्याम लाल चतुर्वेदी, स्व. बसंत कुमार तिवारी, स्व. विनोद शंकर शुक्ल, दिवाकर मुक्तिबोध, आशा शुक्ला, गिरिजाशंकर, ज्ञान अवस्थी, गिरीश पंकज, प्रकाश दुबे, लीलाधर मंडलोई, डॉ. विश्वेश ठाकरे सहित कई साहित्यकारों और पत्रकारों को दिया जा चुका है।
यह जानकारी आयोजन समिति के सचिव श्वेता उपाध्याय ने दी।



