एसिड अटैक का खुलासा: छात्रा पर हमला करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, एकतरफा प्रेम में रची थी साजिश

बिगुल
बालोद. छत्तीसगढ़ के बालोद में लाइब्रेरी से घर लौट रही छात्रा पर एसिड फेंकने की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में एक मुख्य साजिशकर्ता है, जबकि दूसरे युवक ने छात्रा के चेहरे पर एसिड फेंका था। पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी की पहचान 20 वर्षीय यश कुमार सोनकर, निवासी नेवारिकला, बालोद के रूप में हुई है। वहीं उसके साथी की पहचान 20 वर्षीय करण कुंजाम, निवासी भैरमगढ़, बीजापुर के तौर पर हुई है।
प्रेम प्रस्ताव ठुकराने के बाद रची साजिश
पुलिस जांच में सामने आया कि यश कुमार सोनकर छात्रा से एकतरफा प्रेम करता था। छात्रा द्वारा उसके प्रेम प्रस्ताव को स्वीकार नहीं किए जाने के बाद आरोपी कथित तौर पर नाराज था। पुलिस के अनुसार, इसी के चलते उसने छात्रा को नुकसान पहुंचाने की योजना बनाई और अपने साथी करण कुंजाम को इसमें शामिल किया।
लाइब्रेरी से लौटते समय छात्रा पर हमला
घटना 5 अक्टूबर की दोपहर करीब 12:30 बजे की बताई गई है। छात्रा रोज की तरह लाइब्रेरी में पढ़ाई करने के बाद वापस लौट रही थी। इसी दौरान चेहरे पर कपड़ा ढके एक युवक ने उस पर एसिड फेंक दिया। अचानक हुए हमले से छात्रा गंभीर रूप से प्रभावित हुई। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपियों तक पहुंचने के लिए कई टीमों को सक्रिय किया।
CCTV और तकनीकी साक्ष्यों से खुला राज
बालोद पुलिस ने घटना के बाद शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली। इसके साथ ही साइबर सेल की मदद से तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया। जांच के दौरान पुलिस का संदेह छात्रा के पूर्व परिचित यश कुमार सोनकर पर गया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने जांच को भटकाने की कोशिश की, लेकिन तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मामले की कड़ियां जोड़ लीं। इसके बाद पुलिस ने यश कुमार सोनकर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। जांच में उसके साथी करण कुंजाम की भूमिका भी सामने आई, जिसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।



