कोरबा में तेज रफ्तार ने मचाया कहर: दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत; चार युवक गंभीर, अस्पताल में भर्ती

बिगुल
कोरबा जिले में तेज रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। कोरबा-बालको मुख्य मार्ग पर चेक पोस्ट के समीप शुक्रवार को दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भीषण था कि दोनों बाइकें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।
बताया जा रहा है कि एक बाइक पर तीन युवक सवार थे, जबकि दूसरी बाइक पर एक युवक था। एक बाइक पर सवार तीनों युवक बालको स्थित अमर होटल के कर्मचारी बताए जा रहे हैं, जो काम खत्म कर लौट रहे थे। इसी दौरान चेक पोस्ट के पास तेज रफ्तार में आ रही दूसरी बाइक से उनकी भिड़ंत हो गई।
टक्कर के बाद चारों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना बालको पुलिस को दी। सूचना मिलते ही बालको थाना पुलिस और नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए चारों घायलों को तत्काल जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल रवाना किया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार चारों की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे का मुख्य कारण तेज रफ्तार और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाना है। बालको मार्ग पर लगातार तेज रफ्तार के कारण हादसे हो रहे हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों क्षतिग्रस्त बाइकों को जब्त कर लिया है और मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
बालको थाना पुलिस ने बताया कि घायलों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। बयान के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि तेज रफ्तार से वाहन न चलाएं, हेलमेट का उपयोग करें और यातायात नियमों का पालन करें।



