Blog

नदी में बहे स्कूल से लौट रहे तीन बच्चे, कड़ी मशक्कत के बाद बरामद किए गए शव, छत्तीसगढ़ के इस जिले में हुआ दर्दनाक हादसा

बिगुल
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में स्कूल से लौटते समय नदी पार करने के दौरान तेज बहाव में बहे एक ही परिवार के तीन बच्चों का शव बरामद कर लिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि जिले के तखतपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत समडील गांव में शनिवार को घोंघा नदी पार करने के दौरान बहे एक ही परिवार के तीन बच्चों अनमोल जायसवाल (छह), स्तुति जायसवाल (सात) और शिक्षा जायसवाल (सात) के शव बरामद कर लिए गए हैं।
स्कूल से लौटते समय हुआ हादसा

तखतपुर थाने के प्रभारी अवनीश पासवान ने बताया कि समडील गांव के एक ही परिवार के चार बच्चे राजेंद्र जायसवाल (14), अनमोल, स्तुति और शिक्षा शनिवार को वहां से दो किलोमीटर दूर नयापारा स्थित डीपी विप्र विद्यालय से शाम चार बजे छुट्टी के बाद अपने घर लौट रहे थे। पासवान ने बताया कि गांव निवासी भुवनेश्वर जायसवाल की पुत्री स्तुति और पुत्र अनमोल सगे भाई-बहन थे, जबकि शिक्षा भुवेश्वर के भाई विजय जायसवाल की पुत्री थी। वहीं राजेंद्र, जायसवाल परिवार का भांजा है।
नदी में कैसे बहे बच्चें?

थाना प्रभारी ने बताया राजेंद्र के पास साइकिल थी जबकि अन्य तीनों बच्चे पैदल ही घर की तरफ बढ़ रहे थे। इस दौरान राजेंद्र ने तीनों बच्चों से कहा कि पुल से जाने के बजाय नदी को पार करते हुए घर जल्दी पहुंचा जा सकता है। उन्होंने बताया कि राजेंद्र स्वयं भी अपने तीनों भाई-बहनों के साथ घोंघा नदी पैदल ही पार करने लगा, इस दौरान नदी के तेज बहाव की चपेट में आने से तीनों छोटे बच्चे बह गए और उनकी मृत्य हो गई, जबकि राजेंद्र किसी तरह किनारे तक पहुंचने में सफल हो गया। पासवान ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों और पुलिस दल ने तत्काल नदी में बच्चों की तलाश शुरू की। वहीं राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) को भी मौके पर बुलाया गया।
तीनों के शव किए गए बरामद

अधिकारी ने बताया कि एसडीआरएफ और अन्य दलों ने नदी में खोज अभियान शुरू किया था। अभियान के दौरान बालिका स्तुति का शव शनिवार को देर शाम घटनास्थल से 50 मीटर दूर झाड़ियों से बरामद किया गया। लापता दो अन्य बच्चों की तलाश में एसडीआरएफ ने रातभर अभियान जारी रखा। (Bilaspur Children Death News) उन्होंने बताया कि खोज अभियान के दौरान रविवार सुबह दोनों बच्चों (शिक्षा और अनमोल) के शव घटनास्थल से डेढ़ किलोमीटर की दूरी पर स्थित सूरी घाट से बरामद किए गए। अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद तीनों बच्चों के शव परिजनों को सौंप दिए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

The Bigul

हमारा आग्रह : एक निष्पक्ष, स्वतंत्र, साहसी और सवाल पूछती पत्रकारिता के लिए हम आपके सहयोग के हकदार हैं. कृपया हमारी आर्थिक मदद करें. आपका सहयोग 'द बिगुल' के लिए संजीवनी साबित होगा.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button