Blog

नवजात बच्ची की खरीद-फरोख्त मामले में एक और गिरफ्तारी, अब तक 7 आरोपी गिरफ्तार

बिगुल

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नवजात शिशुओं की खरीद-फरोख्त के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। आजाद चौक पुलिस ने सोमवार को कबीर नगर निवासी जितेंद्र खेतान को गिरफ्तार किया। आरोप है कि महिला आरोपी गीतिका नाग और कृतिका साहू ने नवजात बच्ची को अवैध रूप से उसे बेचा था। इस मामले में पहले ही तीन महिलाओं और एक डॉक्टर समेत छह आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

पुलिस के मुताबिक, पूर्व में गिरफ्तार महिला आरोपियों से पूछताछ के दौरान जितेंद्र खेतान का नाम सामने आया था। जांच में पता चला कि कृतिका साहू ने एक नवजात बच्ची को जितेंद्र खेतान को बेचा था। इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया। आरोपी बच्ची से संबंधित कोई वैध दस्तावेज भी पेश नहीं कर पाया।

नवजात बच्ची को मातृछाया में रखा गया
पुलिस ने नवजात बच्ची को बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया, जिसके बाद उसे सुरक्षा और संरक्षण के लिए मातृछाया में रखा गया है। पूछताछ में यह भी जानकारी सामने आई है कि आरोपी जितेंद्र खेतान अन्य नवजात शिशुओं की खरीद-फरोख्त में भी शामिल रहा हो सकता है।

पुलिस अब गीतिका नाग और कृतिका साहू के माध्यम से संचालित कथित नेटवर्क, आरोपियों के आपसी संपर्क और अन्य नवजात शिशुओं की खरीद-बिक्री से जुड़े मामलों की जांच कर रही है।

पहले छह आरोपी हो चुके हैं गिरफ्तार
इस मामले में 18 नवंबर को आजाद चौक पुलिस ने कृतिका साहू, अहिल्या नामदेव और गीतिका नाग को गिरफ्तार किया था। इसके बाद 19 नवंबर को उनकी निशानदेही पर दिवाकर हॉस्पिटल के डॉक्टर खिरसिंधु महानंद, प्रकाश कुमार कौरव और अश्वनी शर्मा को गिरफ्तार किया गया था।

अब जितेंद्र खेतान की गिरफ्तारी के बाद मामले में कुल सात आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 140, 143, 318 और 61 के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

The Bigul

हमारा आग्रह : एक निष्पक्ष, स्वतंत्र, साहसी और सवाल पूछती पत्रकारिता के लिए हम आपके सहयोग के हकदार हैं. कृपया हमारी आर्थिक मदद करें. आपका सहयोग 'द बिगुल' के लिए संजीवनी साबित होगा.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button