Blog

50 लाख की चोरी से व्यापारियों में आक्रोश: मंत्री राजेश अग्रवाल ने टीआई को किया फोन, 2-3 दिन में कार्रवाई का आश्वासन

बिगुल

अंबिकापुर। शहर में करीब 50 लाख रुपये की चोरी के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। खरसिया रोड स्थित अग्रवाल ट्रेडिंग में कर्मचारियों पर लाखों रुपये की चोरी करने का आरोप है। घटना के बाद पुलिस की ओर से कार्रवाई में कथित देरी से व्यापारियों में भारी नाराजगी है। इसी मुद्दे को लेकर व्यापारियों ने अग्रसेन भवन में बैठक आयोजित की, जिसमें मंत्री राजेश अग्रवाल भी शामिल हुए। बैठक के दौरान मंत्री ने पुलिस अधिकारियों से सीधे जवाब मांगा और जल्द कार्रवाई के निर्देश दिए।

अग्रवाल ट्रेडिंग में हुई कथित 50 लाख रुपये की चोरी को लेकर व्यापारियों ने अपनी चिंता और नाराजगी जाहिर की। व्यापारियों का कहना था कि मामले में अब तक ठोस कार्रवाई नहीं होने से असंतोष बढ़ता जा रहा है। बैठक में मौजूद व्यापारियों ने मंत्री राजेश अग्रवाल के सामने अपनी समस्याएं रखीं और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।

मंत्री राजेश अग्रवाल ने कोतवाली टीआई को लगाया फोन
व्यापारियों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मंत्री राजेश अग्रवाल ने बैठक के दौरान ही कोतवाली थाना प्रभारी (टीआई) को फोन लगा दिया। उन्होंने चोरी के मामले में अब तक की गई पुलिस कार्रवाई की जानकारी मांगी और कार्रवाई में देरी को लेकर जवाब तलब किया।

टीआई ने 2 से 3 दिन में कार्रवाई का दिया भरोसा
मंत्री और कोतवाली टीआई के बीच फोन पर हुई बातचीत में थाना प्रभारी ने अगले दो से तीन दिनों के भीतर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। इस दौरान व्यापारियों की नाराजगी को देखते हुए मंत्री राजेश अग्रवाल ने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि व्यापारियों ने उन्हें बंधक बना लिया है। उन्होंने मजाकिया लहजे में यह भी कहा कि जब चोर नहीं पकड़े जा रहे हैं तो उन्हें छुड़ाने के लिए आ जाइए।

बैठक के दौरान मंत्री राजेश अग्रवाल और कोतवाली टीआई के बीच हुई फोन पर बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद चोरी का यह मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है।

फिलहाल व्यापारियों को पुलिस की कार्रवाई का इंतजार है। अब देखना होगा कि टीआई की ओर से दिए गए दो से तीन दिन के आश्वासन के भीतर पुलिस आरोपियों तक पहुंच पाती है या नहीं।

The Bigul

हमारा आग्रह : एक निष्पक्ष, स्वतंत्र, साहसी और सवाल पूछती पत्रकारिता के लिए हम आपके सहयोग के हकदार हैं. कृपया हमारी आर्थिक मदद करें. आपका सहयोग 'द बिगुल' के लिए संजीवनी साबित होगा.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button