महादेव ऐप घोटाले में नया ट्विस्ट, 7 दिन की ED रिमांड पर वकील हिमांशु शेखर, पूछताछ में खुल सकते हैं कई बड़े राज

बिगुल
महादेव सट्टा ऐप मामले में प्रवर्तन निदेशालय यानी ED ने एक और बड़ी कार्रवाई की है। इस बार ED ने दिल्ली के एक वकील पर शिकंजा कसा है। आरोप है कि महादेव ऐप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर से केस रफा-दफा कराने के नाम पर 15 करोड़ रुपये से ज्यादा की रकम ली गई। हैरानी की बात ये है कि इस कथित डील में ED के अधिकारियों से लेकर जजों तक को मैनेज करने का दावा किए जाने की बात सामने आई है। आरोपी वकील को मुंबई एयरपोर्ट पर रोके जाने से लेकर गिरफ्तारी कोर्ट में कानूनी लड़ाई और फिर बॉम्बे हाईकोर्ट के हस्तक्षेप तक। पूरा मामला किसी फिल्मी घटनाक्रम से कम नहीं रहा।
जानिए आखिर कौन है ये वकील?
महादेव सट्टा ऐप घोटाले की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है। वैसे-वैसे नए किरदारों के नाम सामने आ रहे हैं। इस मामले में सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के दौरान दिल्ली के वकील हिमांशु शेखर उर्फ मोहित पाठक का नाम सामने आया। ED की पूछताछ में सौरभ चंद्राकर ने कथित तौर पर खुलासा किया कि उसने अपना मामला रफा-दफा कराने के लिए हिमांशु शेखर को 15 करोड़ रुपये से ज्यादा की रकम दी थी।
कई बार दुबई जा चुका है हिमांशु शेखर
आरोप है कि वकील ने ED अधिकारियों और जजों समेत कई लोगों को मैनेज करने के नाम पर ये रकम ली थी। जांच एजेंसी को यह भी जानकारी मिली कि हिमांशु शेखर पिछले तीन वर्षों में कई बार दुबई गया था, जहां उसकी मुलाकात महादेव ऐप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर से हुई थी। इन अहम जानकारियों के बाद ED रायपुर ने आरोपी वकील के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी करवाया और फिर 20 नवंबर को दोपहर करीब 3 बजकर 3 मिनट पर मुंबई के छत्रपति शिवाजी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर एयरपोर्ट अधिकारियों ने रोक लिया।
समय-सीमा को लेकर खड़े हुए सवाल
सूचना मिलते ही ED रायपुर की टीम सक्रिय हुई और 21 नवंबर की रात करीब 1 बजकर 10 मिनट पर आरोपी को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद शुरू हुई गिरफ्तारी के समय को लेकर कानूनी जंग ED आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर रायपुर लाना चाहती थी, इसके लिए मुंबई की विशेष PMLA कोर्ट में दो दिन की ट्रांजिट रिमांड मांगी गई, लेकिन बचाव पक्ष ने गिरफ्तारी की प्रक्रिया और कानूनी समय-सीमा को लेकर सवाल खड़े कर दिए। ED का तर्क था कि गिरफ्तारी का समय 20 नवंबर दोपहर 3 बजकर 3 मिनट नहीं, बल्कि 21 नवंबर की रात 1 बजकर 10 मिनट माना जाना चाहिए, क्योकि उस समय तक आरोपी किसी भी जांच अधिकारी की औपचारिक हिरासत में नहीं था।
अदालत ने स्वीकार नहीं किया दलील
वहीं अदालत ने ED की इस दलील को स्वीकार नहीं किया। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि लुकआउट सर्कुलर के आधार पर आरोपी को 20 नवंबर को दोपहर 3 बजकर 3 मिनट पर रोका गया था इसलिए 24 घंटे की समय-सीमा उसी समय से शुरू होगी। अदालत ने ट्रांजिट रिमांड देने से इनकार करते हुए आरोपी की रिहाई का आदेश दिया। हालांकि कोर्ट ने आरोपी को 23 नवंबर तक रायपुर स्थित ED कोर्ट में पेश होकर अपना बयान दर्ज कराने का निर्देश भी दिया था।



