भाजपा सांसद भोजराज बोले-नींबू काटकर बारिश रोकी, कांग्रेस ने कसा तंज- शक्कर के कीमत भी कम करा देते

बिगुल
छत्तीसगढ़ के डौंडीलोहारा में आयोजित सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान कांकेर से भाजपा सांसद भोजराज नाग ने पूजा-अर्चना कर नींबू काटकर बारिश रोकने का अनोखा दावा किया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मौजूदगी में मंच से दिए बयान का वीडियो अब इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। विपक्षी दल कांग्रेस ने भी इस पर तीखा तंज कसते हुए कहा कि नींबू काटकर बाजार में शक्कर के कीमत भी कम करा देते।
डौंडीलोहारा में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय महतारी वंदन योजना की इकत्तीसवीं किस्त जारी करने पहुंचे थे। कार्यक्रम के दौरान खराब मौसम का उल्लेख करते हुए सांसद भोजराज नाग ने कहा कि वे रात 12 बजे मुख्यमंत्री का प्रोटोकॉल जारी होने के बाद यहां पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में मौसम लगातार खराब बना हुआ था, लेकिन उन्होंने बूढ़ादेव और महादेव से प्रार्थना करने के बाद नींबू काटकर बारिश रुकवा दी। सांसद ने कहा कि अब कार्यक्रम सफलतापूर्वक हो चुका है, इसलिए अब अगर पानी गिरना चाहता है तो गिर सकता है। इस दावे पर मुख्यमंत्री साय सहित अन्य जनप्रतिनिधि मुस्कुराने लगे, तो जनसभा में लोगों ने ठहाके लगाए।
कांग्रेस ने कसा तंज और उठाए सवाल
बालोद जिला कांग्रेस अध्यक्ष चंद्रेश हिरवानी ने भाजपा सांसद के बयान पर कहा कि यदि सांसद नींबू काटकर वर्षा रोकने में सक्षम हैं, तो उन्हें इसी तरह नींबू काटकर बाजार में शक्कर के मूल्य भी घटवा देने चाहिए। सोशल मीडिया पर भी आम लोगों ने इस अजीबोगरीब बयान पर रोचक प्रतिक्रियाएं दीं। एक उपयोहकर्ता ने लिखा कि सांसद को नींबू काटकर गैस सिलिंडर तथा बिजली के बिल की दरें भी कम करवा देनी चाहिए।



