Blog

रक्षाबंधन की भीड़ से पहले पुलिस का एक्शन, आभूषण चोरी करने वाली दो महिलाएं गिरफ्तार… 12 लाख की ज्वेलरी मिली

बिगुल
रक्षाबंधन पर्व पर बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ से पहले रायपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए महिलाओं और बच्चों को निशाना बनाकर आभूषण चोरी करने वाली दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है. मालवीय रोड पर पैदल पेट्रोलिंग के दौरान पकड़ी गईं आरोपियों के कब्जे से करीब 12 लाख रुपए कीमत के सोने-चांदी के आभूषण, नगदी, मोबाइल फोन और एक्टिवा बरामद की गई है. पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ के बाद चोरी की सात घटनाओं का खुलासा किया है.

मिली जानकारी के अनुसार, रविवार को रक्षाबंधन की खरीदारी के लिए मालवीय रोड पर बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे. इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक छोटे बच्चे के गले से सोने का लॉकेट चोरी हुआ है. सूचना पर एसीसीयू और थाना कोतवाली की संयुक्त टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच की. फुटेज में दो संदिग्ध महिलाएं महिलाओं और बच्चों के आसपास घूमती तथा मौका देखकर उनके गले के पास हाथ लगाती दिखाई दीं.

सीसीटीवी फुटेज से मिली मदद

फुटेज से मिले हुलिए के आधार पर Raipur Police ने घेराबंदी कर दोनों महिलाओं को पकड़ लिया. पूछताछ में उनकी पहचान नंदनी राजपूत पति मोहन राजपूत नोपाली, उम्र 32 वर्ष, निवासी रामनगर कर्मा चौक, थाना गुढियारी और सानिया मरकाम पिता कोमल मरकाम, उम्र 20 वर्ष, निवासी रामनगर पुराना पुलिस चौकी के पास, थाना गुढियारी के रूप में हुई.

शुरुआत में दोनों ने पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया, लेकिन सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूछताछ करने पर उन्होंने महिलाओं और छोटे बच्चों के गले से सोने के लॉकेट, चेन और अन्य आभूषण चोरी करना स्वीकार किया.

पूरे शहर में अलर्ट है पुलिस

दोनों आरोपियों ने गोलबाजार, महादेवघाट, इतवारी बाजार समेत अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों और मेला स्थलों में घूम-घूमकर चोरी की कुल सात घटनाओं को अंजाम दिया था. आरोपियों की निशानदेही पर करीब 10 लाख रुपए कीमत के सोने-चांदी के आभूषण, 9,700 रुपए नगद, एक एक्टिवा और पांच मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं. बरामद सामान की कुल कीमत करीब 12 लाख रुपए बताई गई है. पुलिस चोरी की अन्य घटनाओं के संबंध में भी पूछताछ कर रही है.

जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी नंदनी राजपूत का पति मोहन राजपूत नोपाली थाना गुढियारी का हिस्ट्रीशीटर है और वर्तमान में नारकोटिक एक्ट के मामले में दोषसिद्ध होने के बाद केंद्रीय जेल रायपुर में सजा काट रहा है. यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (मध्य जोन) तारकेश्वर पटेल के निर्देशन में एसीसीयू एवं थाना कोतवाली की संयुक्त टीम ने की. रक्षाबंधन और आगामी त्योहारों को देखते हुए शहर के बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस की निगरानी आगे भी जारी रहेगी.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button