Blog

लूट की रूह कंपा देने वाली वारदात: मृत समझकर छोड़ भागे बदमाश, लाठी, डंडे और बेल्ट से अधमरा होने तक पीटा

बिगुल
बिलासपुर-उरगा भारतमाला हाईवे पर एक बार फिर बदमाशों ने खौफनाक वारदात को अंजाम दिया है। पांच से छह की संख्या में आए युवकों ने एक युवक का रास्ता रोककर बेरहमी से पिटाई की, मोबाइल, नकदी और कान की बाली लूट ली। इतना ही नहीं, जबरन फोन-पे से भी रकम ट्रांसफर कराई। युवक को अधमरा समझकर बदमाश मौके से फरार हो गए। किसी तरह होश आने पर पीड़ित युवक ने टोल नाका पहुंचकर मदद मांगी, जिसके बाद परिजनों ने उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया।

यह सनसनीखेज घटना बिलासपुर-उरगा के बीच बने भारतमाला हाईवे पर तरदा के समीप हुई। पीड़ित प्रितेश मिर्झा (28), जो एलआईपीएल कंपनी में कार्यरत है, रविवार की शाम करीब 6 बजे पंतोरा से घर लौट रहा था। इसी दौरान हाईवे पर खड़े पांच-छह युवकों ने उसका रास्ता रोक लिया और पैसों की मांग करने लगे। जब प्रितेश ने रकम न होने की बात कही, तो बदमाश आग बबूला हो गए और गाली-गलौज करते हुए उस पर लाठी, डंडे और बेल्ट से हमला कर दिया।

लूटपाट और जबरन ट्रांजेक्शन
मारपीट के दौरान बदमाशों ने प्रितेश से उसके पास मौजूद नकदी, मोबाइल और कान की सोने की बाली छीन ली। इसके बाद भी उनका मन नहीं भरा और उन्होंने प्रितेश के फोन-पे से भी जबरन रकम ट्रांसफर करा ली। इस बर्बर पिटाई के कारण प्रितेश बेहोश होकर सड़क पर गिर पड़ा। हमलावर उसे मृत समझकर मौके से भाग निकले।

टोल नाके से मिली मदद
करीब आधे घंटे बाद जब प्रितेश को होश आया, तो उसने किसी तरह हिम्मत जुटाकर पास के टोल प्लाजा तक पहुंचा। वहां तैनात सुरक्षा कर्मियों ने उसकी आपबीती सुनी और उसकी मदद से परिजनों को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और देर रात घायल प्रितेश को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार जारी है।

पुलिस की कार्रवाई
जिला अस्पताल चौकी प्रभारी विश्व नारायण चौहान ने बताया कि पीड़ित का बयान दर्ज कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर हाईवे पर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

The Bigul

हमारा आग्रह : एक निष्पक्ष, स्वतंत्र, साहसी और सवाल पूछती पत्रकारिता के लिए हम आपके सहयोग के हकदार हैं. कृपया हमारी आर्थिक मदद करें. आपका सहयोग 'द बिगुल' के लिए संजीवनी साबित होगा.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button