Blog

बस्तर में अमित शाह: गृह मंत्री ने जन सुविधा केंद्रों का उद्घाटन किया, महिलाओं से की बात; चखा इमली का भी स्वाद

बिगुल
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को बस्तर जिले के नेतानार ग्राम में सीआरपीएफ कैम्प का दौरा किया। जहां शहीद वीर गुंडाधूर सेवा डेरा का उद्घाटन किया। शाह ने महिलाओं से उनकी आय वृद्धि पर चर्चा की और बस्तर की इमली का स्वाद चखा।

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह सोमवार को बस्तर जिले के नेतानार ग्राम में सीआरपीएफ कैंप पहुंचे। उन्होंने शहीद वीर गुंडाधूर सेवा डेरा नामक जन सुविधा केंद्र का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीण विकास और महिला सशक्तिकरण से जुड़ी विभिन्न पहलों का अवलोकन किया।

शाह ने इमली प्रसंस्करण केंद्र में स्व सहायता समूह की महिलाओं से बातचीत की। उन्होंने जाना कि महिलाएं इमली बिक्री से अपनी आय कैसे बढ़ा रही हैं। शाह ने बस्तर की इमली का स्वाद लिया और उसकी मिठास की प्रशंसा की।

लंबी नाग ने बताया कि वे इस समूह से जुड़कर सालाना एक लाख रुपये तक आय अर्जित कर सकेंगी। गुंडाधूर महिला स्व सहायता समूह उच्च गुणवत्ता युक्त इमली पल्प तैयार कर रहा है। गृहमंत्री ने सेवा सेतु केंद्र का भी दौरा किया। यहां उन्होंने ग्राम नेतानार निवासी सुखदेवी से मुलाकात की। सुखदेवी ने बताया कि उन्होंने अपनी पांच माह की बेटी पद्मा का आधार कार्ड बनवाया है।

सेवा सेतु केंद्र की सुविधाएं
आधार सेवा केंद्र खुलने से पहले ग्रामीणों को 10 किलोमीटर पैदल चलकर नानगुर जाना पड़ता था। अब यहां नया आधार, आधार अद्यतन, पहचान सत्यापन और मोबाइल नंबर अद्यतन जैसी सुविधाएं मिलेंगी। सोनामनी ने बताया कि केंद्र खुलने से उन्हें महतारी वंदन योजना का पहचान सत्यापन कराने में आसानी हुई। ग्रामीण यहां जन्म, आय और जाति जैसे विभिन्न ऑनलाइन प्रमाण पत्र भी प्राप्त कर सकेंगे।

महिला सशक्तिकरण के प्रयास
केंद्र में महिलाओं को बैंक सखी का प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जिससे वे गांव में ही पैसे जमा करने व निकालने जैसी सुविधाएं दे सकेंगी। गृहमंत्री ने सिलाई प्रशिक्षण केंद्र का भी दौरा किया, जहां महिलाओं को बुनियादी और उन्नत सिलाई सिखाई जा रही है।

विजय ने बताया कि सिलाई सीखने के बाद वे अपने परिवार का बेहतर पालन पोषण कर पाएंगी। अमित शाह ने धान डेकी प्रशिक्षण केंद्र में ग्रामीण महिलाओं से चर्चा की, जिससे चावल बिक्री और पशुओं को पौष्टिक आहार मिलेगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और मुख्य सचिव विकासशील भी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button