ब्रेकिंग : शेयर मार्केट निवेश के नाम पर करोड़ों की ठगी, 14 लोगों से 1.77 करोड़ ऐंठने का आरोप; मामला दर्ज

बिगुल
रायगढ़ में डीमैट अकाउंट खुलवाने और शेयर मार्केट में निवेश पर मुनाफे का झांसा देकर 14 लोगों से 1.77 करोड़ रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में शेयर मार्केट में डीमैट अकाउंट खुलवाने के नाम पर 14 लोगों से 1 करोड़ 77 लाख 10 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। एक पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार, दरोगापारा निवासी संजय मिश्रा ने सिटी कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2022 में उनकी मुलाकात पश्चिम बंगाल के कलीराहाट स्थित ईटला कोरापारा निवासी विश्वजीत देवनाथ से हुई थी। विश्वजीत ने खुद को एलईडी बल्ब मैन्युफैक्चरिंग और शेयर मार्केट ट्रेडिंग का कारोबारी बताया था।
संजय मिश्रा के अनुसार, विश्वजीत ने उन्हें शेयर मार्केट में निवेश करने और डीमैट अकाउंट खुलवाने का झांसा दिया। उसने दावा किया कि निवेश करने पर प्रतिमाह 6 प्रतिशत ब्याज के साथ मूलधन भी वापस मिलेगा।
पीड़ित ने बताया कि उन्होंने आईसीआईसीआई बैंक रायगढ़ से 12 लाख रुपये का ऋण लेकर विश्वजीत द्वारा बताए गए जीटीजी प्रोडक्ट सर्विस के खाते में राशि जमा कराई। शुरुआत में आरोपी चार से पांच माह तक नियमित रूप से ब्याज का भुगतान करता रहा। इसके बाद उसने अधिक लाभ का लालच देकर अतिरिक्त निवेश करने के लिए कहा।
संजय मिश्रा ने अपने साथियों विकास साहू, राकेश कुमार मनहर, रितेश साव, देव कश्यप, सुनील पाणिग्राही, शिशुपाल, कृष्णा पांडेय, कृष्णा द्विवेदी, राकेश सरकार, लोचन पटेल, मनील गुप्ता, श्रीमंत मिश्रा और अजय वर्मा से भी निवेश कराया। कुल मिलाकर एक करोड़ 77 लाख 10 हजार रुपये निवेश किए गए।
बाद में निवेशकों को पता चला कि शेयर बाजार में लेनदेन के लिए डीमैट अकाउंट आवश्यक होता है। विश्वजीत देवनाथ ने डीमैट अकाउंट खुलवाने का आश्वासन दिया था, लेकिन किसी भी निवेशक को उससे संबंधित कोई दस्तावेज नहीं मिला। इसके बाद उन्हें ठगी की आशंका हुई। पीड़ित संजय मिश्रा की शिकायत पर सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपी विश्वजीत देवनाथ के खिलाफ धोखाधड़ी की धारा 420 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



