दुर्ग में सुशासन तिहार शिविर, CM साय ने जिले को दी 737 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात

बिगुल
दुर्ग नगर निगम सीमा अंतर्गत जेआरडी स्कूल मैदान में आयोजित सुशासन तिहार के समाधान शिविर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जिलेवासियों को 737 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी.
दुर्ग नगर निगम सीमा अंतर्गत जेआरडी स्कूल मैदान में आयोजित सुशासन तिहार के समाधान शिविर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जिलेवासियों को 737 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिकों की उपस्थिति रही. इस अवसर पर मंत्री गजेंद्र यादव, सांसद विजय बघेल,दुर्ग महापौर अलका बाघमार सहित भाजपा के कई जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे.
CM साय ने दुर्ग को दी 737 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दुर्ग शहरवासियों को विकास कार्यों के भूमि पूजन और लोकार्पण की बधाई देते हुए कहा कि भीषण गर्मी के बावजूद बड़ी संख्या में लोगों का कार्यक्रम में पहुंचना जनता के विश्वास को दर्शाता है. उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है और ऐसे समाधान शिविरों के माध्यम से जनता के कार्य तत्काल पूरे किए जा रहे हैं. मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश के सभी शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं. साथ ही सरकार द्वारा औचक निरीक्षण कर योजनाओं और प्रशासनिक व्यवस्थाओं का फीडबैक भी लिया जा रहा है, ताकि आम नागरिकों को बेहतर सेवाएं मिल सकें. दुर्ग में आईटी पार्क के बाद रिसर्च सेंटर स्थापित किए जाने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार विकास के हर क्षेत्र में लगातार कार्य कर रही है. उन्होंने कहा कि आईटी पार्क का सपना पूरा हो चुका है और भविष्य में रिसर्च सेंटर की दिशा में भी सकारात्मक पहल की जाएगी.
शिकायत मिलने पर होगी कार्रवाई – सीएम साय
अधिकारियों की मनमानी और शिकायतों के संबंध में मुख्यमंत्री साय ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि यदि किसी अधिकारी के खिलाफ शिकायत प्राप्त होती है और जांच में वह सही पाई जाती है, तो चाहे अधिकारी कितना भी बड़ा क्यों न हो, उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि सरकार जवाबदेही और पारदर्शिता के सिद्धांत पर काम कर रही है.



