ब्रेकिंग : होटल में आग, अब तक 21 की मौत 37 घायल, रेस्तरां की आग में मरने वाले ज्यादातर विदेशी, हादसे पर पीएम मोदी ने जताया दुख

बिगुल
दिल्ली के मालवीय नगर के हौजरानी स्थित लेमन ग्रीन रेस्टोरेंट में भीषण आग लग गई। इस आग की वजह से अब तक 21 लोगों की मौत हो चुकी है और 37 घायल हैं।
रेस्टोरेंट ग्राउंड फ्लोर पर चलाया जा रहा था, जबकि बाकी इमारत का इस्तेमाल होटल के तौर पर किया जा रहा था। पुलिस सूत्रों के अनुसार, होटल में आने-जाने का केवल एक ही रास्ता था। उन्होंने बताया कि फायर एनओसी भी जांच के दायरे में है।
राजधानी दिल्ली के पॉश इलाके मालवीय नगर में बुधवार सुबह एक बेहद खौफनाक मंजर देखने को मिला। यहाँ एक होटल-रेस्टोरेंट की इमारत में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी बिल्डिंग को अपनी चपेट में ले लिया। अंदर फंसे लोग जान बचाने के लिए खिड़कियों और बालकनी की तरफ भागे और प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कई लोगों ने घबराहट में ऊपर से नीचे छलांग लगा दी।इस दर्दनाक हादसे में 21 लोगों की जान जा चुकी है और कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
मन बहुत दुखी हुआ है ये सुनकर: भाजपा सांसद मनोज तिवारी
भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा, ‘ये बहुत दर्दनाक हादसा है। हमें सूचना मिली कि होटल के रेस्टोरेंट में भीषण आग लग गई। अभी तक जो सूचना आ रही है उसके अनुसार 21 लोगों की मौत की खबर है। सभी एजेंसियां घायलों को बचाने की कोशिश कर रही हैं। मन बहुत दुखी हुआ है ये सुनकर, ये बहुत दर्दनाक हादसा है। प्रयास है कि इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति न हो। जांच की बात है कि क्या गड़बड़ी हुई जिस कारण ऐसी भीषण आगजनी की घटना घटी। लगातार प्रयास किया जा रहा है कि ऐसी छोटी-छोटी त्रुटियों को खत्म किया जाए।’
आम आदमी पार्टी नेता सौरभ भारद्वाज के बयान पर उन्होंने कहा, ‘दोषी जो भी होगा वो बचेगा नहीं ये मैं विश्वास दिलाता हूं लेकिन इस समय राजनीतिक बातें करना अच्छा नहीं होता। दिल्ली सरकार सारी जानकारी लोगों के सामने रखेगी।’

सौरभ भारद्वाज ने दिल्ली सरकार पर बोला हमला
आम आदमी पार्टी दिल्ली अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने मालवीय नगर के एक रेस्टोरेंट में लगी आग की घटना पर कहा, ‘फरवरी के अंदर पालन में आग लगी, नौ लोग जलकर मर गए। सरकार ने कहा जांच करवाएंगे लेकिन जांच की रिपोर्ट तीन महीने बाद भी नहीं आई। विवेक विहार में आग लगी, फायर ब्रिगेड में पानी नहीं था। अब 20 से 21 लोग यहां जलकर मरे हैं। सरकार को कहना चाहिए कि हमारी फायर ब्रिगेड लेट पहुंची, हमें इस बात का दुख है। लेकिन सरकार ने अपनी टूलकिट सक्रिय कर दी। जो लोग यहां पर मजबूरी वश बाहर से आए हैं, मजबूरी वश छोटे मकानों और होटलों में रहकर अपने परिवार के लोगों का इलाज करवा रहे हैं आप उल्टा उन्हीं पर दोष मढ़ रहे हैं? सरकार को अपनी जिम्मेदारी तय करनी चाहिए। सरकार जिम्मेदार अफसरों की जिम्मेदारी तय करे और ठोस कार्रवाई करे तो इस तरह से हादसे रुक सकते हैं।’
इमारत के मालिक के बारे में जांच कर रहे: संयुक्त पुलिस आयुक्त
मालवीय नगर में आग लगने की घटना में 21 लोगों की मौत पर संयुक्त पुलिस आयुक्त विजय कुमार ने कहा, “हम इमारत के मालिक के बारे में जांच कर रहे हैं।”
एक ही परिवार के छह लोगों की हुई मौत
गुरुग्राम के रहने वाले विवेक अग्रवाल की हादसे में मौत हुई है। बड़ी बेटी जीविशा की भी मौत हो गई है। गुरुग्राम निवासी विवेक के पिताजी मैक्स साकेत में एडमिट है वह अपनी पत्नी दो बेटी के साथ उनकी देखरेख के लिए यहां पर आए हुए थे और वह घटना वाले गेस्ट हाउस में रुके थे। आज सुबह ही उनके मौसा और मौसी भी मिलने के लिए आए थे। यह सब घटना में हताहत हो गए हैं। उनके परिजन अस्पताल के बाहर रुके हुए हैं। इस परिवार के छह लोगों की मौत हुई है। इसमें मामा-मामी और मौसा मौसी भी शामिल हैं। परिवार के अनुसार, विवेक की पत्नी और छोटी बेटी के बारे में अब तक परिजनों को कोई जानकारी नहीं मिल पा रही है।
मालवीय नगर हादसे पर राजनाथ सिंह ने जताया दुख
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मालवीय नगर के एक रेस्टोरेंट में लगी आग में अपने प्रियजनों को खोने वाले लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। राजनाथ सिंह ने कहा, दिल्ली के मालवीय नगर में आग लगने से हुआ हादसा मन को व्यथित करने वाला है। जिन्होंने इस घटना में अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी शोक-संवेदनाएं। ईश्वर से प्रार्थना है कि उन्हें इस अपार दुख को सहने की शक्ति प्रदान करे।साथ ही मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।’



