आकाशीय बिजली ने ली महिला मजदूर की जान, 5 घायल, जिम्मेदारों की लापरवाही पर उठे सवाल

बिगुल
ग्रामवासी सुभान सिंह ने बताया कि पंचायत के माध्यम से मनरेगा का कार्य चल रहा था और बड़ी संख्या में महिलाएं बोल्डर चेक डैम निर्माण में लगी हुई थीं। अचानक बिजली गिरने से एक महिला की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हो गईं।
मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के भरतपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम चरखर में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ। मनरेगा के तहत चल रहे बोल्डर चेक डैम निर्माण कार्य के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से एक महिला मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य महिलाएं गंभीर रूप से झुलस गईं। घायलों का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जनकपुर में जारी है, जहां दो महिलाओं की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार्यस्थल पर लगभग 58 मजदूर मौजूद थे। अचानक मौसम बिगड़ा, आसमान में तेज गर्जना होने लगी और हल्की बारिश शुरू हो गई। मजदूर सुरक्षित स्थान की ओर जाने की तैयारी कर ही रहे थे कि तभी तेज चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरी और छह महिलाएं उसकी चपेट में आ गईं। जिनमें से एक की मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है।
ग्रामवासी सुभान सिंह ने बताया कि पंचायत के माध्यम से मनरेगा का कार्य चल रहा था और बड़ी संख्या में महिलाएं बोल्डर चेक डैम निर्माण में लगी हुई थीं। अचानक बिजली गिरने से एक महिला की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हो गईं। स्थानीय निवासी अमित केवट ने प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि हादसे की सूचना पूरे क्षेत्र में फैल चुकी थी, लेकिन काफी देर तक जनपद या प्रशासन का कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। इससे लोगों में भारी नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षा संबंधी निर्देश दिए गए होते तो शायद यह हादसा टाला जा सकता था।



