Blog

ट्रेन में किन्नरों के दो गुटों में घमासान, यात्रियों के सामने कपड़े उतारकर किया हंगामा

बिगुल
बिलासपुर में ट्रेनों में मांगने को लेकर किन्नरों के दो गुटों के बीच विवाद एक बार फिर खुलकर सामने आ गया. बताया जा रहा है कि ट्रेन के भीतर राजा किन्नर और रजिया किन्नर गुट के सदस्यों के बीच वर्चस्व और मांगने के क्षेत्र को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में जमकर मारपीट शुरू हो गई.

ट्रेन में किन्नरों के दो गुटों में घमासान
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद के दौरान कुछ किन्नरों ने कपड़े उतारकर प्रदर्शन किया और यात्रियों के साथ गाली-गलौज व बदसलूकी भी की, जिससे ट्रेन में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. यात्रियों का आरोप है कि हंगामा कर रहे कुछ लोग नशे की हालत में थे. विवाद के चलते ट्रेन में सफर कर रहे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. घटना के वीडियो और तस्वीरें भी चर्चा का विषय बनी हुई हैं. यात्रियों ने रेलवे और पुलिस प्रशासन से ऐसे मामलों पर सख्ती से कार्रवाई की मांग की है.

मामले को लेकर दोनों गुटों के मुखिया राजा किन्नर और रजिया किन्नर अपने समर्थकों के साथ शिकायत दर्ज कराने थाना तोरवा पहुंचे, लेकिन यहां भी विवाद शांत होने के बजाय और भड़क गया. दोनों पक्ष थाने के भीतर ही एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाने लगे और अपने-अपने चेलों का बचाव करते हुए जोरदार बहस करने लगे. देखते ही देखते माहौल इतना गर्म हो गया कि थाने में भी हंगामे जैसी स्थिति निर्मित हो गई.

यात्रियों के साथ की बदसलूकी
हैरानी की बात यह रही कि पूरे घटनाक्रम के दौरान थाना परिसर में अव्यवस्था का माहौल बना रहा. स्थानीय लोगों का आरोप है कि इतनी गहमागहमी के बावजूद पुलिस स्थिति को नियंत्रित करने में सक्रिय नजर नहीं आई. वहीं घटना के समय थाना प्रभारी के थाने में मौजूद नहीं रहने की चर्चा भी होती रही. अब सवाल यह उठ रहा है कि जब ट्रेनों में खुलेआम हंगामा और यात्रियों से दुर्व्यवहार की शिकायतें सामने आ रही हैं, तब ऐसे मामलों पर प्रभावी कार्रवाई कब होगी और यात्रियों को राहत कैसे मिलेगी.

The Bigul

हमारा आग्रह : एक निष्पक्ष, स्वतंत्र, साहसी और सवाल पूछती पत्रकारिता के लिए हम आपके सहयोग के हकदार हैं. कृपया हमारी आर्थिक मदद करें. आपका सहयोग 'द बिगुल' के लिए संजीवनी साबित होगा.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button