Blog

ब्रेकिंग : हेड-कॉन्स्टेबल सस्पेंड, 40 हजार की ली थी रिश्वत, एसपी से शिकायत कर दो, मुझे लाइन अटैच करा दो…’ जैसी देता था धमकी

जांजगीर-चांपा जिले में हेड कॉन्स्टेबल पर जमीन पर कब्जा दिलाने के नाम पर 40 हजार रिश्वत लेने का मामला सामने आया है. जिसके बाद पंतोरा चौकी में पदस्थ प्रधान आरक्षक रमेश कुमार त्रिपाठी को एसपी विजय कुमार पांडेय ने सस्पेंड कर दिया है.

हेड-कॉन्स्टेबल ने ली 40 हजार की रिश्वत
इस मामले से जुड़े बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस अधीक्षक ने तत्काल कार्रवाई करते हुए निलंबित कर लाइन अटैच कर दिया है. जानकारी के मुताबिक, पंतोरा चौकी में पदस्थ प्रधान आरक्षक रमेश त्रिपाठी पर आरोप है कि उसने विकास देवांगन नामक व्यक्ति से जमीन पर कब्जा दिलाने के नाम पर 40 हजार रुपये की मांग की थी. आरोप के मुताबिक विकास ने पहले 30 हजार रुपये दिए, जिसके बाद शेष 10 हजार रुपये भी प्रधान आरक्षक को दे दिए, हालांकि पूरी रकम लेने के बावजूद कथित तौर पर जमीन पर कब्जा नहीं दिलाया जा सका.

पैसे लेने का बाद भी नहीं किया काम
काम नहीं होने पर जब विकास देवांगन ने अपने पैसे वापस मांगे तो प्रधान आरक्षक ने पैसे लौटाने से इंकार कर दिया. प्रसारित वीडियो में वह यह कहते हुए सुनाई दे रहा है कि, एसपी से शिकायत कर दो, मैं पैसा वापस नहीं करूंगा. मुझे लाइन अटैच करा दो, 10 हजार रुपये मैं दूंगा, तुम कुछ भी करो पैसे वापस नहीं करूंगा.

वीडियो हुआ था वायरल
मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद एसपी विजय कुमार पाण्डेय ने प्रधान आरक्षक रमेश त्रिपाठी को निलंबित कर लाइन अटैच कर दिया है. साथ ही पूरे मामले की जांच की जिम्मेदारी अकलतरा डीएसपी प्रदीप सोरी को सौंपी गई है. पुलिस द्वारा मामले की जांच जारी है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

The Bigul

हमारा आग्रह : एक निष्पक्ष, स्वतंत्र, साहसी और सवाल पूछती पत्रकारिता के लिए हम आपके सहयोग के हकदार हैं. कृपया हमारी आर्थिक मदद करें. आपका सहयोग 'द बिगुल' के लिए संजीवनी साबित होगा.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button