ब्रेकिंग : सरगुजा की तीन बेटियां चेन्नई में हुई बंधक, विधायक को फोन कर बताई आपबीती, बेचने का लगाया आरोप

बिगुल
सरगुजा जिले से एक बेहद गंभीर और चिंताजनक मामला सामने आया है. जानकारी के अनुसार सीतापुर विधानसभा क्षेत्र की तीन युवतियों को सिलाई प्रशिक्षण दिलाने के नाम पर घर से चेन्नई ले जाया गया था.
सरगुजा जिले से एक बेहद गंभीर और चिंताजनक मामला सामने आया है. जानकारी के अनुसार, सीतापुर विधानसभा क्षेत्र की तीन युवतियों को सिलाई प्रशिक्षण दिलाने के नाम पर घर से चेन्नई ले जाया गया था, जहां उन्हें कथित तौर पर बेच दिए जाने की बात सामने आई है.
तीन बेटियों को चेन्नई में बनाया बंधक
बताया जा रहा है कि 1 जून को कुछ लोगों द्वारा युवतियों को जशपुर सिलाई की ट्रेनिंग और रोजगार का झांसा देकर चेन्नई ले जाया गया था. वहीं एक जून से पहले लड़कियों को सीतापुर क्षेत्र से जशपुर लें जाया गया था, जहां कुछ दिन उन्हें रखा गया और फिर चेन्नई लें जाया गया था. अब मामला तब सामने आया जब आज सुबह तीनों युवतियों ने सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो को फोन कर खुद के बंधक बनाए जाने की जानकारी दी.
विधायक को फोन कर बताई आपबीती
युवतियों ने फोन पर बताया कि उन्हें चेन्नई में कपड़ा सिलाई उद्योग से जुड़े एक स्थान पर रखा गया है और उनकी स्थिति सामान्य नहीं है. उन्होंने अपने मोबाइल फोन से लोकेशन भी साझा की है, जिससे उनके ठिकाने का पता लगाने में मदद मिल सकती है. मामले की जानकारी मिलते ही विधायक रामकुमार टोप्पो ने सरगुजा पुलिस अधीक्षक से संपर्क कर तत्काल कार्रवाई की मांग की.
विधायक ने पुलिस को युवतियों को सुरक्षित छुड़ाने के लिए आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया है. सूत्रों के अनुसार सरगुजा पुलिस अब चेन्नई पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर रेस्क्यू ऑपरेशन की तैयारी में जुट गई है. पुलिस युवतियों द्वारा भेजी गई लोकेशन और अन्य जानकारियों के आधार पर कार्रवाई कर रही है.
युवतियों सुरक्षित वापस लाने में जुटी पुलिस
फिलहाल इस मामले में आधिकारिक पुलिस बयान का इंतजार है. युवतियों को सुरक्षित वापस लाने और पूरे घटनाक्रम की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मानव तस्करी, अवैध बंधक बनाकर रखने या अन्य किसी अपराध की पुष्टि होती है या नहीं. इस मामले ने एक बार फिर रोजगार और प्रशिक्षण के नाम पर युवाओं, विशेषकर आदिवासी क्षेत्रों की लड़कियों को बाहर ले जाने वाले नेटवर्क पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. सरगुजा पुलिस और चेन्नई पुलिस की आगामी कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं.



