ब्रेकिंग : रेत माफिया ने खनिज विभाग की टीम पर बीच शहर में किया हमला, रेत लोड वाहन छुड़ाकर आरोपी फरार

बिगुल
सरगुजा संभाग में अवैध रेत खनन और परिवहन के खिलाफ चल रही कार्रवाई के बीच अंबिकापुर में रेत माफियाओं के हौसले बुलंद नजर आए. जानकारी के अनुसार रायपुर से पहुंची खनिज विभाग की टीम पर रेत माफिया ने हमला कर दिया और जब्त किए गए रेत लोड वाहन को छुड़ाकर आरोपी फरार हो गए.
खनिज विभाग के आरक्षक के साथ मारपीट
बताया जा रहा है कि खनिज विभाग की टीम ने अवैध रूप से रेत परिवहन कर रहे एक वाहन को जब्त किया था. कार्रवाई के बाद वाहन को थाना ले जाया जा रहा था. इस दौरान खनिज विभाग का एक आरक्षक भी वाहन में मौजूद था. सूत्रों के मुताबिक, अंबिकापुर शहर के गांधी चौक क्षेत्र में कुछ लोगों ने वाहन को रोक लिया और खनिज विभाग के आरक्षक के साथ मारपीट की. इसके बाद आरोपियों ने जब्त वाहन को अपने कब्जे में लेकर मौके से फरार हो गए.
खनिज विभाग और पुलिस महकमे में हड़कंप
घटना के बाद खनिज विभाग और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. मामले की शिकायत पर गांधीनगर थाना में एफआईआर दर्ज की गई है.पुलिस ने रेत माफिया बताए जा रहे लहटन खान सहित अन्य दो आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
गौरतलब है कि हाल ही में सरगुजा संभाग के कोरिया जिले में रेत कारोबार को लेकर वर्चस्व की लड़ाई में तीन लोगों की हत्या का मामला सामने आया था. इसके बाद अवैध खनन और परिवहन पर कार्रवाई तेज करने के लिए रायपुर से विशेष टीम सरगुजा संभाग पहुंची हुई थी. इसी कार्रवाई के दौरान अंबिकापुर में यह घटना सामने आई है.
अवैध रेत कारोबार और उससे जुड़े नेटवर्क पर सवाल
इस घटना ने एक बार फिर अवैध रेत कारोबार और उससे जुड़े नेटवर्क पर सवाल खड़े कर दिए हैं. स्थानीय स्तर पर यह चर्चा भी है कि रेत माफियाओं को कथित राजनीतिक संरक्षण मिलने के कारण उनके हौसले बढ़े हुए हैं. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है. जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जाएगी.



