कबाड़ कारोबार में हथियारों का खेल? 5 जिंदा कारतूस और पुरानी पिस्टल जब्त, पुलिस कार्रवाई से मचा हड़कंप

बिगुल
जिले में कबाड़ के अवैध कारोबार में एक बार फिर हथियारों का कनेक्शन सामने आया है। कोतवाली पुलिस ने कबाड़ी प्रहलाद साहू के पास से पांच जिंदा कारतूस और एक पुरानी पिस्टल बरामद की है। कार्रवाई के बाद जिले के कबाड़ियों में हड़कंप मच गया है।
मामले में जानकारी देते हुए कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि पुलिस को सूचना प्राप्त हुई थी कि प्रहलाद साहू जो कबाड़ी का काम करता है, उसके पास कबाड़ की एक गाड़ी निकली है और उस गाड़ी में जिंदा कारतूस और पिस्टल रखी हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और गाड़ी की तलाशी ली गई।
तफ्तीश के दौरान कबाड़ की गाड़ी से पांच जिंदा राउंड और एक पुरानी जंग लगी हुई पिस्टल बरामद हुई। पुलिस ने तत्काल हथियार और कारतूस को जब्त कर लिया। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है, वहीं कबाड़ के सामान को लेकर बीएनएसएस की धारा 106 के तहत कार्रवाई की गई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है कि यह हथियार और कारतूस कबाड़ में कहां से आए और इनका इस्तेमाल किस लिए किया जाना था।
इस कार्रवाई के बाद से जिले के अन्य कबाड़ी संचालकों में भी दहशत है लेकिन सूत्रों का कहना है कि कार्रवाई के बाद भी कबाड़ तस्करों का खेल जारी है। जिले में बड़े पैमाने पर लोहे, फैक्ट्री स्क्रैप और चोरी के सामान का अवैध कारोबार चल रहा है, जिस पर पुलिस की नजर कम है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी कोरबा पुलिस कई कबाड़ियों पर कार्रवाई कर चुकी है। अवैध कबाड़ भंडारण, चोरी का सामान खरीदने और बिना लाइसेंस कारोबार करने पर कई दुकानों पर छापे मारे गए थे। इसके बावजूद कबाड़ का अवैध धंधा रुकने का नाम नहीं ले रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिले की सीमा से लगे क्षेत्रों में संचालित कबाड़ दुकानों पर पुलिस को विशेष नजर बनानी होगी। अक्सर औद्योगिक क्षेत्रों, एनटीपीसी, बालको और एसईसीएल क्षेत्रों से निकलने वाला स्क्रैप चोरी-छिपे कबाड़ियों तक पहुंच जाता है, जिसमें कई बार विस्फोटक और हथियार जैसी सामग्री भी निकल आती है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है और यह पता लगाया जा रहा है कि उसका नेटवर्क कहां-कहां फैला है।



