CMHO पर बड़ी कार्रवाई : महिला स्वास्थ्य अधिकारियों से अभद्रता के आरोप, डॉ. अमृतलाल रोहलेडर निलंबित

बिगुल
छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले से स्वास्थ्य विभाग से जुड़ी बड़ी कार्रवाई सामने आई है। राज्य शासन ने बेमेतरा के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. अमृतलाल रोहलेडर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। महिला सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ कथित तौर पर अमर्यादित व्यवहार, आपत्तिजनक भाषा के इस्तेमाल और अनुचित स्पर्श से जुड़े आरोपों की जांच के बाद यह कार्रवाई की गई है।
लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की ओर से जारी कार्रवाई के मुताबिक, शिकायत की जांच के दौरान संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के बयान दर्ज किए गए। जांच रिपोर्ट में डॉ. रोहलेडर के खिलाफ लगाए गए कुछ आरोप प्रथम दृष्टया पुष्ट पाए गए।
जांच में प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए गए
मामले की शिकायत मिलने के बाद जांच की गई। जांच के दौरान संबंधित महिला सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों के अलावा अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों के भी बयान लिए गए।
जांच प्रतिवेदन में डॉ. रोहलेडर के खिलाफ अनुचित भाषा के इस्तेमाल और अनुचित स्पर्श से जुड़े आरोप प्रथम दृष्टया पुष्ट पाए गए। इसके बाद जांच अधिकारी ने उनके खिलाफ नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की अनुशंसा की इसी जांच रिपोर्ट के आधार पर राज्य शासन ने निलंबन की कार्रवाई की है।



