Blog

हैदराबाद के पब में हिस्सेदारी का झांसा देकर बिलासपुर के तीन कारोबारियों से 3.42 करोड़ की ठगी, केस दर्ज

बिगुल
हैदराबाद के पब में 25 प्रतिशत हिस्सेदारी देने का झांसा देकर बिलासपुर के तीन कारोबारियों से 3 करोड़ 42 लाख 50 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपियों ने पीड़ितों के साथ फर्जी समझौता कर किस्तों में पूरी रकम ले ली और बाद में अपने वादे से मुकर गए। रकम हासिल करने के बाद आरोपियों ने न तो पीड़ितों को कंपनी में आधिकारिक साझेदार बनाया और न ही पब के संचालन का हिसाब दिया। तारबाहर थाना पुलिस ने पीड़ितों की शिकायत के बाद दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

लिंक रोड निवासी 38 वर्षीय व्यवसायी शिखर सराफ ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2022 में बिलासपुर में प्रसिद्ध गायक सुखविंदर सिंह के एक कार्यक्रम का आयोजन हुआ था। इसी दौरान उनकी मुलाकात लेडीज सर्कल इंडिया की सदस्य शेषम कौर से उनके घर पर हुई। बातचीत के दौरान शेषम कौर ने कारोबारियों को हैदराबाद में प्राशी वेंचर्स एलएलपी के अंतर्गत डियाब्लो पब और रेस्टोरेंट शुरू करने के बारे में जानकारी दी। इसके बाद, शेषम कौर और जयवीर सिंह सभरवाल ने स्वयं को कंपनी का अधिकृत साझेदार बताते हुए शिखर सराफ और उनके साथी रितेश शाह को डियाब्लो पब में 25 प्रतिशत हिस्सेदारी देने की पेशकश की। नए व्यावसायिक उपक्रम में निवेश करने के उद्देश्य से दोनों कारोबारी सहमत हो गए।

किस्तों में आरटीजीएस के जरिये ली रकम
दोनों पक्षों के बीच 10 जनवरी, 2025 को एक समझौता पत्र तैयार हुआ। समझौते के बाद तीन निवेशकों ने मिलकर किस्तों में कंपनी के हैदराबाद स्थित खाते में आरटीजीएस के जरिये कुल 3 करोड़ 42 लाख 50 हजार रुपये की राशि हस्तांतरित की। इस कुल निवेश में शिखर सराफ ने 1 करोड़ 45 लाख रुपये, रितेश शाह ने 1 करोड़ 35 लाख रुपये और रितेश के साले सक्षम श्रीवास्तव ने 62 लाख 50 हजार रुपये लगाए। रकम लेने के बाद भी आरोपियों ने पीड़ितों को कंपनी में आधिकारिक साझेदार नहीं बनाया। इसके साथ ही कारोबारियों को निवेश से संबंधित वित्तीय विवरण और हिसाब-किताब भी नहीं दिया गया।

अन्य साझेदारों को बिना बताए किया समझौता
हिसाब न मिलने पर पीड़ितों ने स्वयं जानकारी जुटानी शुरू की। जांच में पता चला कि कंपनी के अन्य पांच साझेदारों की अनुमति के बिना ही आरोपियों ने बिलासपुर के कारोबारियों के साथ हिस्सेदारी का समझौता किया था। आरोपियों ने निवेश के नाम पर रकम ऐंठ ली, पर कारोबारियों को कंपनी में कोई अधिकार नहीं दिया। पड़ताल में यह भी उजागर हुआ कि जिस डियाब्लो पब में हिस्सेदारी का वादा किया गया था, वह किराया जमा न करने के कारण कुछ समय बाद बंद हो गया। आरोपियों ने कंपनी के आधिकारिक बैंक खाते के बजाय अपने व्यक्तिगत क्यूआर कोड के माध्यम से राशि ली और पब के नाम पर मिले पैसों को दूसरे रेस्टोरेंट प्रोजेक्ट में लगा दिया।

धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू
तारबाहर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी जयवीर सिंह सभरवाल और शेषम कौर के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब पैसों के लेन-देन और बैंक खातों के विवरण की गहनता से जांच कर रही है। इसके साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि निवेशकों से ली गई रकम को किस स्थान पर खर्च किया गया है।

The Bigul

हमारा आग्रह : एक निष्पक्ष, स्वतंत्र, साहसी और सवाल पूछती पत्रकारिता के लिए हम आपके सहयोग के हकदार हैं. कृपया हमारी आर्थिक मदद करें. आपका सहयोग 'द बिगुल' के लिए संजीवनी साबित होगा.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button