Blog

दिल्ली दौरे पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, रायपुर में छुट्टी और दिसंबर में ट्रेनें रद्द, जानें आज की खबरें

बिगुल
छत्तीसगढ़ में आज की प्रमुख खबरों में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का दिल्ली दौरा, भारत मंडपम में राज्य स्थापना दिवस का सांस्कृतिक आयोजन, रायपुर जिले में स्थानीय अवकाश और रेलवे की ओर से ट्रेनों के परिचालन में बदलाव शामिल हैं। मुख्यमंत्री दिल्ली में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल होंगे। वहीं, देवउठनी एकादशी के अवसर पर रायपुर जिले में सरकारी कार्यालयों के लिए स्थानीय अवकाश घोषित किया गया है। इसके अलावा दिसंबर में कुछ ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शुक्रवार को दिल्ली प्रवास पर रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे दोपहर 12:40 बजे मुख्यमंत्री निवास से रायपुर एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे। दोपहर 1:30 बजे उनकी दिल्ली के लिए फ्लाइट निर्धारित है। मुख्यमंत्री शाम करीब 3:30 बजे दिल्ली पहुंचेंगे। दिल्ली पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री शाम 6 बजे भारत मंडपम में आयोजित छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस की सांस्कृतिक संध्या में शिरकत करेंगे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वे शाम 7:50 बजे वहां से रवाना होकर छत्तीसगढ़ सदन पहुंचेंगे। इसके बाद रात में गुरुग्राम स्थित सैयारा-द लिविंग रूम जाने का कार्यक्रम है। मुख्यमंत्री रात 11 बजे वापस छत्तीसगढ़ सदन लौटेंगे, जहां उनका रात्रि विश्राम होगा।

भारत मंडपम में दिखेगी छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति की झलक
नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित 45वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ अपनी सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक कलाओं का प्रदर्शन करेगा। शुक्रवार को आयोजित राज्य दिवस समारोह में प्रदेश की जनजातीय परंपराओं और लोक संस्कृति को राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत किया जाएगा। भारत मंडपम के एम्फी थिएटर-01 में होने वाले इस आयोजन में छत्तीसगढ़ के कलाकार सात पारंपरिक लोकनृत्यों की प्रस्तुति देंगे। कार्यक्रम में राज्यपाल रमेन डेका मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय समारोह की अध्यक्षता करेंगे। सांस्कृतिक कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण गौर नृत्य, गौरा-गौरी, भोजली, राउत नाचा, सुआ, पंथी और करमा नृत्य रहेंगे। इन प्रस्तुतियों के जरिए छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक पहचान, लोक परंपराओं और जनजातीय विरासत को देशभर के दर्शकों तक पहुंचाया जाएगा।नक्शे देखें

देवउठनी एकादशी पर रायपुर जिले में स्थानीय अवकाश
देवउठनी एकादशी के अवसर पर शुक्रवार, 20 नवंबर को रायपुर जिले में स्थानीय अवकाश घोषित किया गया है। इस फैसले के बाद मंत्रालय, नवा रायपुर और रायपुर शहर के संबंधित शासकीय कार्यालयों में कामकाज बंद रहेगा। सामान्य प्रशासन विभाग ने मंत्रालय और नवा रायपुर सहित रायपुर शहर के सरकारी कार्यालयों के लिए अवकाश घोषित किया है। वहीं, कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने रायपुर शहर और नवा रायपुर क्षेत्र के अलावा जिले के शेष इलाकों के लिए भी स्थानीय अवकाश का आदेश जारी किया है। हालांकि, यह छुट्टी बैंकों, कोषालयों और उपकोषालयों पर लागू नहीं होगी। इन संस्थानों में सामान्य दिनों की तरह कामकाज जारी रहेगा। ऐसे में सरकारी कार्यालयों से जुड़े जरूरी काम करने वाले लोगों को अवकाश की जानकारी पहले से रखना जरूरी है।

The Bigul

हमारा आग्रह : एक निष्पक्ष, स्वतंत्र, साहसी और सवाल पूछती पत्रकारिता के लिए हम आपके सहयोग के हकदार हैं. कृपया हमारी आर्थिक मदद करें. आपका सहयोग 'द बिगुल' के लिए संजीवनी साबित होगा.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button