Blog

मुख्यमंत्री निवास में दीपावली मिलन समारोह बना आत्मीयता, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक गौरव का अनूठा संगम, सीएम साय ने किया स्वागत

बिगुल

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नवा रायपुर स्थित निवास में आज आयोजित दीपावली मिलन समारोह सामाजिक समरसता, आत्मीयता, सेवा भावना और सांस्कृतिक गौरव का अनूठा संगम बना। प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए पद्मश्री सम्मानित विभूतियों, विभिन्न समाजों के वरिष्ठजनों, लोकतंत्र सेनानियों, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं तथा शिक्षा, सेवा, साहित्य, संस्कृति, सामाजिक जागरण, सुरक्षा और आर्थिक क्षेत्र में सक्रिय संगठनों के प्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति ने समारोह को विशेष स्वरूप प्रदान किया।

नवा रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में आयोजित दीपावली मिलन समारोह केवल शुभकामनाओं के आदान-प्रदान तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह समाज के विभिन्न क्षेत्रों में दशकों से समर्पित भाव से कार्य कर रहे लोगों के सम्मान, उनके अनुभवों को साझा करने और सामाजिक संबंधों को नई ऊर्जा देने का यादगार अवसर बना। समारोह में छत्तीसगढ़ की सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक गौरव, सेवा भावना और आपसी सद्भाव की सुंदर झलक देखने को मिली।

मुख्यमंत्री श्री साय से मुलाकात करने और दीपावली की शुभकामनाएं देने के लिए प्रदेशभर से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। मुख्यमंत्री ने सभी अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया। वे स्वयं एक-एक टेबल पर पहुंचे और लोगों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने वरिष्ठजनों के अनुभव सुने, विभिन्न संगठनों की गतिविधियों की जानकारी ली और समाज के लिए किए जा रहे उनके कार्यों की सराहना की। मुख्यमंत्री के सहज, सरल और आत्मीय व्यवहार ने समारोह को औपचारिक आयोजन से आगे बढ़कर अपनत्व और पारिवारिक मिलन का स्वरूप प्रदान किया।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि दीपावली का पर्व केवल प्रकाश और उल्लास का उत्सव नहीं, बल्कि प्रेम, विश्वास, सद्भाव और सामाजिक एकता को मजबूत करने का अवसर भी है। समाज के विभिन्न क्षेत्रों में समर्पित भाव से कार्य करने वाले लोगों से मिलना और उनके अनुभवों को जानना सदैव प्रेरणादायक होता है।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की सबसे बड़ी शक्ति यहां के लोगों की सरलता, आत्मीयता, सामाजिक एकता और सेवा भावना है। समाज के विभिन्न वर्गों और संगठनों के सामूहिक प्रयासों से ही प्रदेश की गौरवशाली परंपराओं को सहेजते हुए विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचा जा सकता है।

दीपावली मिलन समारोह में जैन समाज, वैष्णव समाज, छत्तीसगढ़िया सोनार समाज सहित विभिन्न समाजों के वरिष्ठजनों और प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री श्री साय से मुलाकात की। इस अवसर पर विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री के साथ अपने अनुभव साझा किए तथा सामाजिक, सांस्कृतिक और जनकल्याणकारी गतिविधियों के संबंध में चर्चा की।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान उसकी विविधता में एकता और सामाजिक सद्भाव की समृद्ध परंपरा से है। विभिन्न समाजों की अपनी विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान, परंपराएं और जीवन मूल्य हैं, जो मिलकर छत्तीसगढ़ की साझा संस्कृति को समृद्ध बनाते हैं।

उन्होंने कहा कि समाज के वरिष्ठजनों का अनुभव और मार्गदर्शन नई पीढ़ी के लिए अमूल्य है। सामाजिक संगठनों की सकारात्मक भूमिका से आपसी सहयोग, सद्भाव और जनसेवा की भावना को नई मजबूती मिलती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button