किताबों की उम्र में नशे का शौक! 9वीं के छात्र-छात्राओं का नशा करते VIDEO वायरल
बिगुल
छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से स्कूली विद्यार्थियों से जुड़ा एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में पढ़ने वाले 9वीं कक्षा के कुछ छात्र-छात्राओं का नशा करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में दो छात्राएं शराब के नशे में सिगरेट पीती और गाली-गलौज करती दिखाई दे रही हैं। वहीं, कुछ छात्र गांजा पीते नजर आ रहे हैं। इस घटना ने स्कूली बच्चों में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति और उनकी सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
9वीं के विद्यार्थियों का नशे वाला VIDEO वायरल
जानकारी के मुताबिक, पूरा मामला कोरबा जिले के कोरबीधतुरा स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में स्कूल के 9वीं कक्षा के कुछ विद्यार्थी कथित तौर पर नशे की हालत में दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में दो छात्राएं शराब पीने के बाद सिगरेट के कश लगाती और अपशब्दों का इस्तेमाल करती नजर आती हैं। इसके अलावा कुछ छात्र गांजा पीते हुए दिखाई दे रहे हैं। कम उम्र के विद्यार्थियों से जुड़ा यह वीडियो सामने आने के बाद इलाके में चर्चा तेज हो गई है।
प्राचार्य ने की वीडियो की पुष्टि, बुलाई गई बैठक
मामले को लेकर स्कूल के प्राचार्य वीरभद्र सिंह पैकरा ने वायरल वीडियो की पुष्टि की है। वीडियो सामने आने के बाद स्कूल प्रबंधन भी हरकत में आ गया है। नाबालिग विद्यार्थियों के कथित तौर पर नशे की गतिविधियों में शामिल होने की खबर से अभिभावकों और शिक्षा जगत में चिंता का माहौल है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए स्कूल प्रबंधन समिति की बैठक बुलाई गई है। इसमें वायरल वीडियो से जुड़े तथ्यों और विद्यार्थियों की गतिविधियों पर चर्चा की जाएगी। अब इस मामले में स्कूल प्रबंधन की आगे की कार्रवाई पर नजर रहेगी।



