25 करोड़ की रंगदारी मामला: इंस्पेक्टर विनीत दुबे सस्पेंड, शोएब ढेबर की तलाश जारी

बिगुल
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कांग्रेस नेता आनंदमल कुकरेजा से 25 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। फरार आरोपी शोएब ढेबर की गिरफ्तारी से जुड़ी गोपनीय जानकारी लीक होने और कथित तौर पर उसकी मदद करने के आरोपों के बीच निरीक्षक विनीत दुबे को निलंबित कर दिया गया है। बस्तर आईजी बद्री नारायण मीणा ने इस संबंध में निलंबन आदेश जारी किया है।
बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला की ओर से 30 अक्टूबर को भेजे गए प्रतिवेदन के आधार पर की गई है। इससे पहले भी इस मामले में पुलिस विभाग के दो कर्मचारियों पर कार्रवाई हो चुकी है। वहीं, फरार शोएब ढेबर की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। आरोपी पर अब तक कुल 15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया जा चुका है।
गिरफ्तारी की रणनीति लीक होने का आरोप, इंस्पेक्टर पर गिरी गाज
जानकारी के मुताबिक, तेलीबांधा थाने में दर्ज अपराध क्रमांक 403/2026 की जांच के दौरान निरीक्षक विनीत दुबे के कथित संदिग्ध आचरण को निलंबन का आधार बनाया गया है। आरोप है कि शोएब ढेबर को पकड़ने के लिए पुलिस ने जो रणनीति तैयार की थी, उससे जुड़ी गोपनीय जानकारी पहले ही लीक हो गई थी।
बताया जाता है कि पुलिस टीम ने रायपुर के खम्हारडीह इलाके में फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश देने की योजना बनाई थी। हालांकि, पुलिस की कार्रवाई से पहले ही शोएब ढेबर वहां से निकल गया। इसके बाद पुलिस विभाग के भीतर गोपनीय सूचनाएं बाहर पहुंचने को लेकर जांच शुरू की गई।
इस प्रकरण में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) में तैनात आरक्षक शिवम द्विवेदी और राहुल सिंह गौतम को भी पहले निलंबित किया जा चुका है। अब निरीक्षक विनीत दुबे के खिलाफ हुई कार्रवाई से यह मामला एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है।
शोएब ढेबर पर 15 हजार रुपये का इनाम घोषित
कांग्रेस नेता आनंदमल कुकरेजा से 25 करोड़ रुपये की कथित रंगदारी मांगने के मामले में शोएब ढेबर की तलाश जारी है। उसकी गिरफ्तारी के लिए रायपुर पुलिस ने इनाम की घोषणा की है।
पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला की ओर से आरोपी की सूचना देने वाले के लिए 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। इससे पहले सेंट्रल डीसीपी स्तर पर 5 हजार रुपये का इनाम रखा गया था।
इस तरह शोएब ढेबर के संबंध में सटीक जानकारी देने वाले व्यक्ति को कुल 15 हजार रुपये का इनाम मिल सकता है। पुलिस की ओर से आरोपी की तलाश के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
क्या है 25 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का पूरा मामला?
मामले की शुरुआत 14 सितंबर को हुई थी। जानकारी के अनुसार, कांग्रेस नेता आनंदमल कुकरेजा के मोबाइल फोन पर एक विदेशी नंबर से व्हाट्सऐप के जरिए धमकी भरे संदेश भेजे गए थे।
संदेश भेजने वाले व्यक्ति ने कथित तौर पर खुद को अमन साहू गैंग से जुड़ा बताया था और 25 करोड़ रुपये की फिरौती की मांग की थी। इसके साथ ही आनंदमल कुकरेजा, उनके बेटे और परिवार के अन्य सदस्यों को जान से मारने की धमकी भी दी गई थी।



